खेल मैदान में बच्चों के साथ अभिभावकों ने भी दिखाया दमखम, संडे स्पोर्ट्स लैब बना मस्ती और फिटनेस का संगम

 

बीकानेर। मोबाइल और डिजिटल स्क्रीन के बढ़ते प्रभाव के बीच बच्चों को खेल मैदान से जोड़ने तथा परिवारों में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन में खेलो बीकानेर क्लब की ओर से रविवार को भर्मन पथ में संडे स्पोर्ट्स लैब का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों के साथ अभिभावकों ने भी पूरे उत्साह और उमंग के साथ भागीदारी निभाई।

 

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए खो-खो, कोऑर्डिनेशन गेम्स, स्ट्रेंथ गेम्स और जंपिंग गेम्स सहित विभिन्न शारीरिक एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। इन खेलों के माध्यम से बच्चों को शारीरिक संतुलन, फुर्ती, ताकत, एकाग्रता, आपसी तालमेल और टीम भावना का महत्व समझाया गया।

 

निदेशक निशा लिंबा ने बताया कि संडे स्पोर्ट्स लैब का मुख्य उद्देश्य बच्चों को नियमित खेल गतिविधियों के लिए प्रेरित करना और उन्हें मोबाइल स्क्रीन के अत्यधिक उपयोग तथा नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।

 

वरिष्ठ निदेशक उमाशंकर जी ने बताया कि आयोजन का विशेष आकर्षण बच्चों की प्रतियोगिताओं के बाद अभिभावकों के लिए आयोजित खेल प्रतियोगिताएं रहीं। माता-पिता ने भी बच्चों के साथ मैदान में उतरकर खेलों में हिस्सा लिया। इससे बच्चों और अभिभावकों के बीच खेल के माध्यम से बेहतर जुड़ाव देखने को मिला। रविवार की सुबह खेल, उत्साह और पारिवारिक सहभागिता के नाम रही।

 

इस अवसर पर खेलो बीकानेर क्लब की ओर से ‘स्क्रीन टाइम कम करें, खेल का समय बढ़ाएं’, ‘नशे को ना, खेलों को हां’ और ‘खेलेंगे परिवार, स्वस्थ बनेगा समाज’ जैसे संदेश दिए गए। आयोजकों ने कहा कि बच्चों को खेलों से जोड़ने में अभिभावकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। जब परिवार स्वयं खेल और फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएगा, तभी बच्चों में भी स्वस्थ आदतों का विकास होगा।

 

खेलो बीकानेर क्लब का उद्देश्य शहर में खेल और फिटनेस को जनआंदोलन का रूप देना है, ताकि बच्चे, युवा और अभिभावक नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जुड़कर स्वस्थ, सक्रिय एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान दे सकें।

 

कार्यक्रम के सफल आयोजन में खेलो बीकानेर क्लब की टीम के रवि, रुद्राक्ष, मनीष, साक्षी, हिताशा, प्रेक्षा, भव्या, तनिष्क, कुसुम, गायत्री, निशा, कोमल, रामनिवास, विष्णु, रुद्राक्षी, तिथि सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

काशी के युवा कवि धर्मराज सिंह ठाकुर को ‘साहित्य शिल्पी’ सम्मान, 592वीं कवि चौपाल में गूंजी काव्य की गूंज

  बीकानेर। साहित्य समाज का दर्पण होने के साथ-साथ संस्कृति, परंपराओं और मानवीय संवेदना…