बीकानेर, 31 अक्टूबर। बीकानेर रेंज पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार, अवैध हथियारों की तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ पिछले तीन वर्षों में व्यापक अभियान चलाते हुए प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश के निर्देशन में की गई इन कार्रवाइयों में न केवल बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ और अवैध हथियार बरामद किए गए, बल्कि अपराध से अर्जित संपत्तियों को चिह्नित कर फ्रीज एवं कुर्क करने की कार्रवाई भी की गई है।
रेंज पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024, 2025 और 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 4,528 प्रकरण दर्ज कर 6,134 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान डोडा पोस्त, अफीम, हेरोइन, गांजा, एमडी और नशीली गोलियों सहित बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए गए। साथ ही करोड़ों रुपये की नकदी और सैकड़ों वाहन भी जब्त किए गए हैं।
अवैध हथियारों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई
आर्म्स एक्ट के तहत वर्ष 2024 में 572, वर्ष 2025 में 419 तथा वर्ष 2026 में अब तक 374 प्रकरण दर्ज किए गए। इस प्रकार तीन वर्षों में कुल 1,365 प्रकरण दर्ज कर 1,465 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में अवैध फायर आर्म्स, कारतूस और मैगजीन बरामद की गईं।
ड्रोन के जरिए तस्करी पर कसा शिकंजा
अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से मादक पदार्थों एवं अवैध हथियारों की तस्करी के विरुद्ध भी रेंज पुलिस ने कार्रवाई की। वर्ष 2024 में 24 प्रकरण दर्ज कर 68 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वर्ष 2025 में 13 प्रकरणों में 21 आरोपी गिरफ्तार हुए, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 30 प्रकरण दर्ज कर 72 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इन कार्रवाइयों में हेरोइन, अफीम, विदेशी पिस्तौल, कारतूस और ड्रोन सहित अन्य सामान बरामद किया गया।
नशे से अर्जित 40 करोड़ से अधिक की संपत्ति पर कार्रवाई
एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत अवैध मादक पदार्थों के कारोबार से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध वर्ष 2024 में 5 कार्रवाइयों में 8.91 करोड़ रुपये, वर्ष 2025 में 6 कार्रवाइयों में 7.39 करोड़ रुपये तथा वर्ष 2026 में अब तक 32 कार्रवाइयों में 24.22 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई। इस प्रकार कुल 43 कार्रवाइयों में लगभग 40.52 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज एवं कुर्क करने की कार्रवाई की गई।
अपराधियों की संपत्तियों पर भी कानूनी शिकंजा
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 107 के तहत वर्ष 2025 में 55 तथा वर्ष 2026 में अब तक 33 कार्रवाइयां की गईं। इन 88 कार्रवाइयों में कुल 2.15 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की गई।
पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत 74 कार्रवाइयां
बीकानेर रेंज पुलिस ने पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत वर्ष 2024 में 23, वर्ष 2025 में 18 तथा वर्ष 2026 में अब तक 33 कार्रवाइयां की हैं। इस प्रकार तीन वर्षों में कुल 74 कार्रवाइयां की गईं।
बीकानेर रेंज पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार, संगठित अपराध और अवैध हथियारों की तस्करी में लिप्त अपराधियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों पर अंकुश लगाकर आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत करने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है।
