बीकानेर, 31 अक्टूबर। देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कॉलेज प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेंद्र कुमार ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. सुरेंद्र कुमार ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का व्यक्तित्व दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने अपनी असाधारण नेतृत्व क्षमता और मजबूत संकल्प के बल पर देश की रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके योगदान के बिना आधुनिक भारत की कल्पना अधूरी है। देश की एकता और अखंडता को मजबूत आधार देने के लिए राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के आदर्श आज भी प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने तथा एकजुट होकर देश की प्रगति में सहभागी बनने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर पीबीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया, एसएसबी अधीक्षक डॉ. संजीव बुरी, डॉ. एन.एल. महावर, डॉ. सुरेंद्र जीनगर, डॉ. अरुण भारती एवं डॉ. मनोज माली सहित अन्य चिकित्सकों और नर्सिंग अधिकारियों ने भी सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सा अधिकारियों ने लौह पुरुष के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और समर्पण की भावना को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
