बीकानेर। वैश्य समाज की संगठनात्मक शक्ति, सामाजिक एकजुटता और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी को लेकर अन्तर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन (IVF) की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक एवं सम्मान समारोह का आयोजन शनिवार को दिल्ली के रोहिणी स्थित होटल सेवन सीज में हुआ। सम्मेलन में देश के 25 राज्यों एवं 7 देशों से पहुंचे पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लेकर समाज की एकजुटता और संगठन के विस्तार पर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता IVF के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल ने की। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता श्याम जाजू सहित दिल्ली के वैश्य विधायक एवं विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि वैश्य समाज ने व्यापार, उद्योग, रोजगार सृजन और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देकर देश की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन जैसे संगठन समाज को एकजुट करने के साथ राष्ट्र निर्माण में सामूहिक भागीदारी को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल ने संगठन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि IVF का लक्ष्य वैश्य समाज को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक साझा मंच प्रदान करना तथा सामाजिक, आर्थिक और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों में समाज की भागीदारी को व्यापक बनाना है। उन्होंने संगठन के विस्तार और सदस्यता अभियान को गति देने पर विशेष जोर दिया।
सम्मेलन के दौरान समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. एन. बालाचन्द्रम एवं राजस्थान की श्रीमती निर्मला रावत को ‘रामदास अग्रवाल जन सेवा सम्मान’ से सम्मानित किया गया। वहीं ‘वैश्य मित्र’ सदस्यता अभियान में विशेष योगदान देने वाले सदस्यों को ‘वैश्य मित्र रत्न’ सम्मान प्रदान किया गया।
IVF के कोषाध्यक्ष दिनेश सी. गुप्ता ने संगठन की मजबूती के लिए सक्रिय सदस्यता, पारदर्शिता और सामूहिक सहयोग को आवश्यक बताते हुए कहा कि महासम्मेलन समाज के सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र निर्माण के प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
बीकानेर का राष्ट्रीय कार्यसमिति में प्रतिनिधित्व
बीकानेर IVF अध्यक्ष विनोद बाफना ने जानकारी देते हुए बताया कि इस राष्ट्रीय कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक में बीकानेर से राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य विजय बाफना ने सहभागिता की। उनकी उपस्थिति के माध्यम से बीकानेर का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय मंच पर रहा।
सम्मेलन के समापन पर वैश्य समाज की एकजुटता, संगठनात्मक विस्तार, सामाजिक दायित्वों के निर्वहन और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया गया।
