बीकानेर, 2 नवंबर। राजस्थान पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (राजुवास), बीकानेर की ओर से सत्र 2026-27 के बी.वी.एस.सी. एंड ए.एच. स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए स्टेट कोटे की द्वितीय चरण की काउंसलिंग सोमवार को आयोजित की गई। इस दौरान कुल 210 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया संपन्न हुई, जिनमें से 166 सीटों पर अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया।
स्नातक प्रवेश बोर्ड के चेयरमैन प्रो. राजेश कुमार धूड़िया ने बताया कि राजुवास बीकानेर तथा रूवास जोबनेर के संघटक एवं सम्बद्ध निजी वेटरनरी महाविद्यालयों और टांटिया यूनिवर्सिटी के श्रीगंगानगर वेटरनरी महाविद्यालय में स्टेट कोटे की सीटों के लिए यह काउंसलिंग आयोजित की गई।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को नीट यूजी-2026 की मेरिट सूची, उपलब्ध सीटों की संख्या और राज्य सरकार की आरक्षण नीति के अनुसार प्रवेश आवंटित किए गए। काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों के शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई तथा दस्तावेज सत्यापन के बाद प्रवेश प्रक्रिया पूरी की गई।
प्रवेश बोर्ड के अनुसार मैनेजमेंट कोटे की 193 सीटों पर प्रवेश के लिए बुधवार, 4 नवंबर को काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.rajuvas.ac.in पर उपलब्ध है।
