बीकानेर, 2 नवम्बर। दीपावली के त्योहार पर आमजन की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ा अभियान छेड़ रखा है। जिले में लगातार की जा रही कार्रवाई के दौरान विभाग ने भारी मात्रा में दूषित, खराब और अवधिपार खाद्य सामग्री नष्ट करवाई है, वहीं हजारों किलो खाद्य पदार्थों को जांच रिपोर्ट आने तक सीज किया है। कार्रवाई में 28 हजार किलो दूषित मैदा और करीब 22 हजार किलो विभिन्न ब्रांड का तेल भी सीज किया गया है।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण अविचल चतुर्वेदी के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चल रहे विशेष अभियान के तहत बीकानेर में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की अलग-अलग टीमें निरीक्षण और नमूनीकरण कर रही हैं।
अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि अभियान के दौरान अब तक लगभग 400 किलो फफूंद लगा दूषित मावा, 309 किलो दागी एवं बदबूदार बादाम, पिस्ता और अखरोट तथा 90 किलो गुलाब जामुन मौके पर ही नष्ट करवाए गए हैं। इसके अलावा 735 किलो अवधिपार कालानमक और 2750 किलो अवधिपार मैदा पापड़ भी नष्ट करवाए गए हैं।
हजारों किलो खाद्य सामग्री सीज, जयपुर की टीम ने भी की कार्रवाई
डॉ. साध ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने तक 1250 किलो सूजी (हाई लाइफ), 3950 किलो आटा (शिवशक्ति ब्रांड), 750 लीटर धनश्री तेल और 2319 लीटर घी (वातुला, निजोन एवं वर्सेटाइल ब्रांड) सीज किया गया है। जयपुर से आई केंद्रीय टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई में लगभग 28 हजार किलो दूषित मैदा सीज किया गया। इसके अलावा विभिन्न ब्रांड के करीब 22 हजार किलो तेल को भी जांच रिपोर्ट आने तक सीज किया गया है।
100 से अधिक नमूने जांच के लिए भेजे
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत 100 से अधिक खाद्य नमूने लेकर जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भिजवाए हैं। दूध, मावा, पनीर, मिठाइयां, घी, तेल, मसाले और ड्राई फ्रूट पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
खाद्य कारोबारियों को सख्त हिदायत
डॉ. साध ने खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए कि वे मिलावटी और फफूंद लगे मावे का भंडारण या विक्रय नहीं करें। मावे को अखबार के कागज में रखकर भंडारित करना प्रतिबंधित है। दूध, पनीर, मावा और दूध से बनी मिठाइयों का परिवहन निर्धारित कोल्ड चेन व्यवस्था के तहत किया जाए। कचौरी, समोसे और पकौड़े जैसे खाद्य पदार्थ अखबार या रंगीन कागज में परोसने से बचें तथा प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
अभियान के तहत खाद्य नमूनीकरण और निरीक्षण की कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा, भानू प्रताप सिंह, सुरेन्द्र कुमार, राकेश कुमार गोदारा, निशान्त चारण, सोना रानी, ममता सोंग्रा, इंद्र प्रकाश ढाका एवं महावीर मेघवाल द्वारा की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए निरीक्षण और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।
