बीकानेर, 3 नवंबर। राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवेदनाओं के निस्तारण की समीक्षा बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
बैठक में बीकानेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त श्रीमती स्नेहल धायगुड़े नाना और अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर) श्रीमती रीना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर) ने विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रकरणों के निस्तारण में लगने वाले औसत समय (एवरेज डिस्पोजल टाइम) को कम करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं का निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। केवल प्रकरण निस्तारित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि परिवादी की समस्या का वास्तविक समाधान होना चाहिए। उन्होंने निस्तारित प्रकरणों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए, जिससे परिवादियों के संतुष्टि एवं राहत स्तर में वृद्धि हो सके।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने कहा कि नागरिक सेवाओं के अंतर्गत आने वाली परिवेदनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निस्तारित किया जाए, जिससे आमजन को त्वरित राहत मिल सके। लोकभवन एवं मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त प्रकरणों पर भी अधिकारी विशेष ध्यान दें। अधिकारियों को प्रतिदिन संपर्क पोर्टल देखने और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करने के साथ उच्च प्राथमिकता वाले मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने समाचार पत्रों में प्रकाशित नकारात्मक समाचारों पर कार्रवाई के बाद वस्तुस्थिति से संबंधित तथ्यात्मक टिप्पणी अविलंब भिजवाने के निर्देश भी दिए।
