दीपावली-छठ पर रेल यात्रियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, डॉग स्क्वॉड-स्कैनर से जांच और CCTV से 24 घंटे निगरानी

 

बीकानेर, 05 नवंबर। दीपावली एवं छठ पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर रेल मंडल ने यात्री सुविधाओं और सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रियों को उनके गंतव्य तक आसानी से पहुंचाने के लिए मंडल की 15 ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों के अतिरिक्त डिब्बे लगाए गए हैं। वहीं रेलवे सुरक्षा बल ने भी स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

 

त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों, रेलवे स्टेशनों और पार्सल कार्यालयों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) एवं रेलवे कर्मचारियों द्वारा डॉग स्क्वॉड, एक्स-रे बैगेज स्कैनर और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) की मदद से यात्रियों के सामान की सघन जांच की जा रही है। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है।

 

पटाखे और ज्वलनशील पदार्थ ले जाने वालों पर सख्ती

 

रेलवे ने ट्रेनों में पटाखे, फुलझड़ियां, अनार, रॉकेट, गैस सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल एवं केरोसिन जैसे ज्वलनशील और खतरनाक पदार्थ ले जाने वालों पर विशेष निगरानी रखी है। ऐसे पदार्थों को यात्री कोच अथवा पार्सल के माध्यम से ले जाने पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जांच व्यवस्था मजबूत की गई है। रेलवे पुलिस के जवान लगातार प्लेटफार्मों और ट्रेनों में गश्त कर रहे हैं।

 

टिकट के लिए अतिरिक्त काउंटर, डिजिटल भुगतान की सुविधा

 

यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी न हो, इसके लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर की व्यवस्था की गई है। साथ ही ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) को सुचारू रखा गया है। डिजिटल भुगतान को आसान बनाने के लिए बारकोड की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। यात्री रेलवन ऐप के माध्यम से भी टिकट बुक कर सकते हैं।

 

रेलवे की यात्रियों से अपील

 

बीकानेर रेल मंडल ने यात्रियों से यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध वस्तु अथवा गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल आरपीएफ, जीआरपी, टीटीई या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना देने का आग्रह किया है।

 

रेलवे प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा एवं यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

 

 

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

दीपावली पर सुरक्षा का मजबूत पहरा, बीकानेर रेंज पुलिस अलर्ट; चप्पे-चप्पे पर रहेगी निगरानी

बीकानेर, 05 नवंबर। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्…