दीपावली पर नोखा बाजार में बदलेगी यातायात व्यवस्था, सुबह 11 से शाम 7 बजे तक नो-व्हीकल जोन का सुझाव

 

बीकानेर/नोखा। दीपावली के त्योहार और आगामी पंचायत चुनाव को देखते हुए नोखा पुलिस प्रशासन ने कानून व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में 4 नवंबर 2026 को पुलिस थाना नोखा में सीएलजी सदस्यों एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहार के दौरान बाजार में उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात सुचारू रखने और आमजन को सुरक्षित खरीदारी का माहौल उपलब्ध करवाने सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

 

बैठक में उपखंड अधिकारी प्रिया बजाज, तहसीलदार सुनीता चारण, पुलिस उप अधीक्षक नोखा जरणैल सिंह, नगर पालिका के ईओ प्रतिनिधि राधेश्याम, थानाधिकारी फग्गू सिंह चारण सहित सीएलजी सदस्य महेश झंवर, फंगाराम पारीक, शशिकांत पांचा, नारायण जोशी, सीमा मिश्रा, लक्ष्मी कंवरनिवाल तथा व्यापार मंडल से बजरंग लाल पाणचेता, राधेश्याम लालकुटिया, नितेश मोदी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

 

बाजार में सुबह 11 से शाम 7 बजे तक नो-व्हीकल जोन का सुझाव

 

बैठक में व्यापार मंडल एवं सीएलजी सदस्यों ने दीपावली के दौरान बाजार में भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक नो-व्हीकल जोन लागू करने का सुझाव दिया। इसके लिए बाजार के प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग लगाकर यातायात डायवर्जन करने का निर्णय लिया गया। उपखंड अधिकारी प्रिया बजाज ने नगर पालिका के प्रतिनिधियों को आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए।

 

अतिक्रमण, पार्किंग और आवारा पशुओं पर भी चर्चा

 

बाजार में दुकानों के आगे सामान रखकर होने वाले अतिक्रमण को व्यवस्थित करने के लिए नगर पालिका की ओर से साइड लाइन निर्धारित करने के निर्देश दिए गए। आवारा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भिजवाने, बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों को चालू रखने और उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

 

पार्किंग और पटाखा कारोबारियों को दिए निर्देश

 

त्योहारी सीजन में पार्किंग समस्या के समाधान के लिए सीएलजी सदस्य महेश झंवर ने अतिरिक्त पार्किंग व्यवस्था हेतु वाहन खड़े करने के लिए स्थान उपलब्ध करवाने में सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं पटाखा व्यापारियों को लाइसेंस एवं सुरक्षा संबंधी निर्धारित मापदंडों का पालन करने के निर्देश दिए गए। बिना वैध लाइसेंस पटाखों का कारोबार करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की बात कही गई।

 

पंचायत चुनाव में आचार संहिता की पालना की अपील

 

बैठक में आगामी पंचायत चुनाव को ध्यान में रखते हुए सीएलजी सदस्यों से आदर्श आचार संहिता का पालन करने तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।

 

अंत में सभी सदस्यों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए त्योहार को सौहार्द, उत्साह और सुरक्षित वातावरण में मनाने की अपील की गई। पुलिस प्रशासन ने आमजन एवं व्यापारियों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों की पालना में सहयोग करने का आग्रह किया।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का होगा आयोजन

  बीकानेर, 5 नवंबर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से नवंबर में नशा मुक्त भा…