बीकानेर, 05 नवम्बर। राजस्थान पशुचिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर के डेयरी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी.टेक. डेयरी टेक्नोलॉजी पाठ्यक्रम में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत 05 एवं 06 नवम्बर को प्रथम चरण की काउंसलिंग आयोजित की जा रही है।
काउंसलिंग के दौरान जेट परीक्षा की मेरिट सूची के आधार पर अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जा रहा है। महाविद्यालय के संकाय सदस्यों द्वारा अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच और सत्यापन किया जा रहा है। निर्धारित पात्रता एवं प्रवेश नियमों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया संपन्न करवाई जा रही है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिष्ठाता ने बताया कि बी.टेक. डेयरी टेक्नोलॉजी पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को डेयरी उद्योग से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में तकनीकी दक्षता, व्यावहारिक ज्ञान और कौशल प्रदान करता है। यह पाठ्यक्रम युवाओं के लिए रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसरों के द्वार भी खोल रहा है।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक तकनीकी ज्ञान और कौशल विकास को प्राथमिकता देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
