बीकानेर। दीपावली एवं छठ पूजा के त्योहारों पर रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए बीकानेर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने बीकानेर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर क्राउड मैनेजमेंट की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए किए जा रहे इंतजामों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान DRM ने स्टेशन की टिकट खिड़कियों, सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफार्म एवं वेटिंग रूम सहित विभिन्न यात्री सुविधा क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए भीड़ को व्यवस्थित करने और यात्रियों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के लिए की जा रही तैयारियों का अवलोकन किया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। स्टेशन परिसर में भीड़ प्रबंधन की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ यात्रियों की आवाजाही सुचारू बनाए रखने और किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए।
रेलवे प्रशासन त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सुगम रेल यात्रा उपलब्ध करवाने के लिए तैयारियों में जुटा है।
