बीकानेर, 17 नवंबर। संभाग स्तरीय अमृता हाट मेला 10 से 16 दिसम्बर तक ग्रामीण हाट में आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले मेले में प्रदेश के सभी 41 जिलों के महिला स्वयं सहायता समूहों और नवाचारी महिलाओं के उत्पादों सहित लगभग 120 स्टाॅल्स लगाई जाएंगी।
संभागीय आयुक्त श्री विश्राम मीना की अध्यक्षता में मंगलवार को मेले की तैयारियों की बैठक हुई। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण के उद्देश्य के साथ आयोजित होेने वाले इस मेले को भव्य तरीके से आयोजित किया जाए। इसमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी हो। सभी विभाग, उन्हें आवंटित कार्य समय पर कर लें। मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार हो। प्रत्येक जिले से महिला स्वयं सहायता समूहों को आमंत्रित किया जाए। मेले के दौरान दिन में लाइव पेंटिंग, रंगोली, मेहंदी मांडणा जैसी प्रतियोगिताएं हों। वहीं प्रत्येक दिन सांध्यकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए।
श्री मीना ने कहा कि मेले के दौरान नवाचारी महिलाओं को आमंत्रित किया जाए तथा उनके स्टाॅल्स भी लगवाएं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा कैंसर स्क्रीनिंग वैन की व्यवस्था की जाए। बैंकों द्वारा बैंकिंग लिटरेसी और साइबर फ्राॅड के प्रति आमजन को जागरुक किया जाए। उन्होंने कहा कि मेले में सर्वाधिक विक्रय, सर्वश्रेष्ठ सज्जा, सर्वाधिक मूल्य संवर्धित उत्पादों का निर्माण एवं प्रदर्शन सहित विभिन्न श्रेणियों का निर्धारण करते हुए सर्वश्रेष्ठ स्टाॅल्स को विशेष पुरस्कार दिए जाएं।
जिला कलक्टर श्री निशान्त जैन ने निर्देश दिए कि अमृता हाट मेले के दौरान मेला स्थल पर सुरक्षा, साफ-सफाई, मेडिकल टीम तैनातगी, पेयजल, सुरक्षा सहित समस्त व्यवस्थाएं समय रहते कर ली जाएं। मेले में आधुनिकता के साथ परम्परागत को बनाए रखने का प्रयास करें। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफाॅम्र्स पर भी इसका प्रचार किया जाए। उन्होंने मेले के आमंत्रण पत्र, आवास व्यवस्था, भोजन सहित प्रत्येक बिंदु की तैयारियों के बारे में जाना।
महिला अधिकारिता विभाग की उपनिदेशक डाॅ. अनुराधा सक्सेना ने अब तक की तैयारियों की जानकारी दी। बैठक में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
—–
