गुरु भक्ति और नशामुक्ति के संदेश से गूंजेगा जोधपुर, सद्गुरुदेव रामलाल जी सियाग का 101वां अवतरण दिवस 24 नवंबर को

 

बीकानेर। आध्यात्मिक चेतना, गुरु भक्ति और सामाजिक सरोकारों के संदेश के साथ समर्थ सद्गुरुदेव रामलाल जी सियाग का 101वां अवतरण दिवस महोत्सव एवं जन शताब्दी वर्ष समापन समारोह जोधपुर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। अध्यात्म विज्ञान सत्संग केन्द्र, जोधपुर की ओर से 23 एवं 24 नवंबर को आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय महोत्सव में देश-विदेश से हजारों साधकों एवं श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। समारोह में शामिल होने के लिए बीकानेर से भी बड़ी संख्या में भक्तगण जोधपुर रवाना होंगे।

 

आयोजन की शुरुआत 23 नवंबर, सोमवार को सुबह 10 बजे विशाल नशामुक्ति जागरूकता वाहन रैली के साथ होगी। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित इस रैली के माध्यम से युवाओं और आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा। रैली में शराब, तंबाकू, सिगरेट, अफीम, गुटखा सहित विभिन्न मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक नुकसान के बारे में संदेश दिया जाएगा। साथ ही स्वस्थ, संस्कारवान एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया जाएगा।

 

महोत्सव का मुख्य आयोजन 24 नवंबर, मंगलवार को सुबह 11 बजे अध्यात्म विज्ञान सत्संग केन्द्र, जोधपुर आश्रम परिसर में होगा। इस अवसर पर समर्थ सद्गुरुदेव रामलाल जी सियाग का 101वां अवतरण दिवस एवं जन शताब्दी वर्ष समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह का विशेष आकर्षण सामूहिक संजीवनी मंत्र जप एवं ध्यान रहेगा, जिसमें देशभर से पहुंचने वाले साधक एक साथ मंत्र जप और ध्यान कर गुरुदेव के प्रति अपनी श्रद्धा एवं समर्पण व्यक्त करेंगे।

 

केन्द्र के मीडिया प्रभारी एडवोकेट चन्द्र सिंह ने बताया कि महोत्सव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विभिन्न राज्यों एवं विदेशों से आने वाले साधकों और श्रद्धालुओं के स्वागत, आवास, भोजन, सत्संग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। आयोजन को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह है और बीकानेर सहित विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के जोधपुर पहुंचने का सिलसिला रहेगा।

 

दो दिवसीय आयोजन में जहां नशामुक्ति वाहन रैली के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया जाएगा, वहीं मुख्य समारोह में सामूहिक मंत्र जप और ध्यान के जरिए आध्यात्मिक साधना का वातावरण बनेगा। इस प्रकार गुरुदेव का 101वां अवतरण दिवस महोत्सव आध्यात्मिक आस्था के साथ सामाजिक चेतना का भी संदेश देगा।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

29 नवंबर को बारहगुवाड़ में सजेगी काव्य चौपाल, शिवराज छंगाणी की साहित्यिक विरासत को समर्पित होगी जन-मन यात्रा

  बीकानेर, 21 नवम्बर। जन मन काव्य यात्रा का तीसरा पड़ाव 29 नवम्बर को बारह गुवाड़ में …