एनआईसीयू से छुट्टी के बाद भी नहीं खत्म होती जिम्मेदारी, नवजातों के नियमित फॉलोअप पर पीबीएम में जोर

 

बीकानेर, 21 नवंबर। नवजात शिशु को गंभीर अवस्था से बचाकर घर भेजना चिकित्सा की बड़ी सफलता है, लेकिन उसके स्वस्थ विकास और बेहतर भविष्य को सुनिश्चित करना भी उतना ही जरूरी है। इसी संदेश के साथ सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज एवं पीबीएम संबद्ध चिकित्सालय समूह के शिशु रोग विभाग में 15 से 21 नवंबर तक आयोजित राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह 2026 का शनिवार को समापन हुआ। सप्ताहभर चले आयोजनों में प्रीमेच्योर, गंभीर एवं उच्च जोखिम वाले नवजातों की देखभाल, नवजात पुनर्जीवन, प्रारंभिक जांच और एनआईसीयू से छुट्टी के बाद नियमित फॉलोअप जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने मंथन किया।

 

शिशु रोग विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. जीएस. तंवर ने कहा कि नवजात शिशु का जीवन बचाना चिकित्सा विज्ञान और आधुनिक तकनीक की बड़ी उपलब्धि है, लेकिन बच्चे का सुरक्षित जीवन और स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करना वास्तविक सफलता है। केवल बच्चे को जीवित बचाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके शारीरिक विकास, न्यूरोडेवलपमेंट और जीवन की गुणवत्ता को बनाए रखना भी चिकित्सा सेवाओं की जिम्मेदारी है।

 

उन्होंने विशेष रूप से प्रीमेच्योर एवं गंभीर नवजातों को एनआईसीयू से छुट्टी मिलने के बाद नियमित फॉलोअप की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके तहत बच्चों की वृद्धि की निगरानी, न्यूरोडेवलपमेंटल जांच, दृष्टि एवं श्रवण परीक्षण, पोषण परामर्श, टीकाकरण संबंधी मार्गदर्शन तथा संभावित बीमारियों और विकासात्मक समस्याओं की समय रहते पहचान एवं उपचार शामिल हैं। उन्होंने कहा कि समय पर पहचान और उचित चिकित्सकीय हस्तक्षेप से बच्चों को स्वस्थ एवं बेहतर जीवन दिया जा सकता है।

 

डॉ. तंवर ने कहा कि नवजात की जान बचाना उपलब्धि है, लेकिन उसके स्वस्थ विकास और बेहतर भविष्य को सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है। इसके लिए अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता और स्वास्थ्यकर्मियों के समन्वित प्रयास बेहद जरूरी हैं।

 

सप्ताहभर हुए शैक्षणिक एवं जागरूकता कार्यक्रम

 

इस वर्ष राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह की थीम ‘नन्हे शिशु, असीम संभावनाएं—उनके सुरक्षित भविष्य के लिए फॉलोअप देखभाल में निवेश करें’ रखी गई। इसी के अनुरूप 15 नवंबर को विश्व प्रीमेच्योरिटी दिवस पर प्रीमेच्योर बच्चों एवं उनकी माताओं के लिए जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। 16 नवंबर को नवजात देखभाल पर शैक्षणिक वेबिनार तथा 17 नवंबर को फैमिली पार्टिसिपेटरी केयर के तहत स्तनपान, कंगारू मदर केयर और परिवार की सहभागिता पर इंटरैक्टिव सत्र हुआ।

 

18 नवंबर को पीजी रेजिडेंट चिकित्सकों के लिए नवजात रोगों की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें डॉ. संजय ने प्रथम, डॉ. दीपिका बुडानिया ने द्वितीय और डॉ. कमला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 19 नवंबर को एडवांस्ड नियोनेटल रिससिटेशन प्रोग्राम (एनआरपी) के नवीन अपडेट पर सत्र तथा 20 नवंबर को जन्मजात, मेटाबॉलिक एवं एंडोक्राइन विकारों की प्रारंभिक पहचान एवं स्क्रीनिंग पर सेमिनार आयोजित किया गया।

 

एनआईसीयू की उपचार व्यवस्था और गुणवत्ता की समीक्षा

 

समापन दिवस पर डॉ. सात्विक एवं डॉ. गणेश ने एनआईसीयू का क्लिनिकल ऑडिट प्रस्तुत किया। इसमें नवजातों के उपचार, चिकित्सकीय परिणामों और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।

 

कार्यक्रम में प्रोफेसर डॉ. मुकेश बेनीवाल, प्रोफेसर डॉ. सारिका स्वामी, प्रोफेसर डॉ. मदन गोपाल चौधरी, डॉ. कुलदीप सिंह बिठू, डॉ. अनिल लाहोटी, डॉ. संजीव चाहर, डॉ. अनुभव चौधरी, डॉ. इंदिरा चौधरी एवं डॉ. कविता सहित विभागीय फैकल्टी, रेजिडेंट चिकित्सकों और नर्सिंग अधिकारियों ने भागीदारी निभाई।

 

एनआईसीयू प्रभारी प्रोफेसर डॉ. पवन डारा एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. लक्ष्मण सिद्ध ने बताया कि सप्ताहभर आयोजित गतिविधियों का उद्देश्य चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के ज्ञान और कौशल को बढ़ाने के साथ अभिभावकों को भी उच्च जोखिम वाले नवजातों की देखभाल के प्रति जागरूक करना था। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों और एनआईसीयू टीम का आभार जताया।

 

कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि प्रत्येक नवजात को केवल जीवनदान ही नहीं, बल्कि स्वस्थ विकास और अपनी पूरी क्षमता हासिल करने का अवसर भी मिलना चाहिए। नियमित फॉलोअप, समग्र देखभाल और समय पर चिकित्सकीय हस्तक्षेप ही बच्चों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव हैं।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

29 नवंबर को बारहगुवाड़ में सजेगी काव्य चौपाल, शिवराज छंगाणी की साहित्यिक विरासत को समर्पित होगी जन-मन यात्रा

  बीकानेर, 21 नवम्बर। जन मन काव्य यात्रा का तीसरा पड़ाव 29 नवम्बर को बारह गुवाड़ में …