एमजीएसयू का बड़ा कदम: अब डिजिटल होंगे सभी संबद्ध महाविद्यालय, एक क्लिक पर मिलेगी पूरी जानकारी

बीकानेर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू), बीकानेर उच्च शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करने जा रहा है। विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों का रिकॉर्ड अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा। इसके लिए विश्वविद्यालय की ओर से विशेष ऑनलाइन सॉफ्टवेयर तैयार करवाया गया है, जिसके माध्यम से महाविद्यालयों की शैक्षणिक, प्रशासनिक और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्त जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। इस व्यवस्था से विश्वविद्यालय एक क्लिक पर किसी भी महाविद्यालय की पूरी जानकारी प्राप्त करने के साथ उसकी नियमित मॉनिटरिंग भी कर सकेगा।

 

28 नवंबर को विश्वविद्यालय कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने इस ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का उद्घाटन किया। इस अवसर पर कुलसचिव यशपाल आहूजा एवं वित्त नियंत्रक देवेन्द्र सिंह राठौड़ उपस्थित रहे।

 

कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि 1 दिसंबर 2026 से सभी संबद्ध महाविद्यालयों को अपनी समस्त जानकारी ऑनलाइन अपलोड करना अनिवार्य होगा। इसमें महाविद्यालय संचालित करने वाली सोसायटी का नाम एवं पंजीयन, महाविद्यालय का नाम, अनापत्ति प्रमाण पत्र, भवन संबंधी विवरण, अग्नि सुरक्षा प्रमाण पत्र, प्राचार्य एवं शिक्षकों की जानकारी, अशैक्षणिक कर्मचारियों का विवरण, पुस्तकालय, प्रयोगशालाएं, खेल मैदान तथा अन्य उपलब्ध सुविधाएं शामिल होंगी। आगामी शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए संबद्धता आवेदन करने से पहले महाविद्यालयों को यह ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

 

उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से विश्वविद्यालय को प्रत्येक महाविद्यालय की वास्तविक स्थिति और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी एक क्लिक पर मिल सकेगी। विश्वविद्यालय समय-समय पर ऑनलाइन मॉनिटरिंग कर सकेगा तथा संबद्धता नियमों एवं निर्धारित शर्तों का उल्लंघन करने वाले महाविद्यालयों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की जा सकेगी। यह पहल महाविद्यालयों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने के साथ उच्च शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में भी सहायक होगी।

 

कुलसचिव यशपाल आहूजा ने बताया कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर महाविद्यालयों में कार्यरत प्राचार्यों एवं शिक्षकों के आधार नंबर, शैक्षणिक योग्यता तथा अनुभव संबंधी प्रमाण पत्र भी अपलोड करवाए जाएंगे। इसके साथ ही बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से उनकी उपस्थिति का रिकॉर्ड ऑनलाइन प्राप्त किया जाएगा। महाविद्यालयों को विश्वविद्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्हें आईडी एवं पासवर्ड उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से वे अपनी आवश्यक जानकारियां और संबंधित प्रक्रियाएं ऑनलाइन पूरी कर सकेंगे।

 

वित्त नियंत्रक देवेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि अब महाविद्यालयों से संबद्धता शुल्क, स्पोर्ट्स शुल्क एवं अन्य निर्धारित शुल्क भी ऑनलाइन माध्यम से जमा करवाए जाएंगे। इसके लिए महाविद्यालय अपने बैंक खाते से विश्वविद्यालय के खाते में निर्धारित शुल्क जमा कर सकेंगे।

 

इस सॉफ्टवेयर के माध्यम से विश्वविद्यालय को महाविद्यालयों में संचालित पाठ्यक्रमों, स्वीकृत सीटों, महाविद्यालयों द्वारा निर्धारित फीस तथा प्रवेशित विद्यार्थियों की जानकारी भी तत्काल उपलब्ध हो सकेगी। इससे संबद्धता प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और प्रभावी बनेगी।

 

इस अवसर पर सहायक कुलसचिव डॉ. सुरेन्द्र कुमार गोदारा, अनुभाग अधिकारी सुरेश चौधरी, श्रीकृष्ण जाट सहित विश्वविद्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

महिला नेतृत्व को मिलेगा नया मुकाम, लोकतंत्र में बढ़ेगी आधी आबादी की भागीदारी : सिद्धि कुमारी

  बीकानेर। महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में …