बीकानेर। बच्चों के स्वास्थ्य संवर्धन एवं स्वस्थ भविष्य की दिशा में जयनारायण व्यास कॉलोनी स्थित भारतीय आदर्श विद्या मंदिर (सेक्टर 4-E) में स्वर्ण प्राशन संस्कार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 3 से 9 वर्ष तक की आयु के बच्चों को स्वर्ण प्राशन की खुराक पिलाई गई। इस दौरान बच्चों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अभिभावकों को स्वर्ण प्राशन संस्कार के महत्व एवं पारंपरिक उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। आयोजकों के अनुसार, आयुर्वेद में स्वर्ण प्राशन को बच्चों के स्वास्थ्य संवर्धन से जुड़ी पारंपरिक पद्धति माना जाता है। इसके संभावित लाभों के रूप में रोग प्रतिरोधक क्षमता, बौद्धिक विकास, स्मरण शक्ति, एकाग्रता, पाचन तंत्र एवं शारीरिक स्फूर्ति का उल्लेख किया गया।
विद्यालय उत्सव-जयंती प्रमुख विनीता भाटी ने बताया कि बच्चों के स्वस्थ एवं सुदृढ़ भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह आयोजन नियमित रूप से जारी रखा जाएगा। इसी क्रम में अगला स्वर्ण प्राशन संस्कार 26 दिसंबर, शनिवार को आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सदस्यों, बच्चों एवं अभिभावकों ने सहभागिता निभाई।
