
बीकानेर। शहर में आपराधिक तत्वों के हौंसले बुलंद हैं। बदमाश अब न सिर्फ खुलेआम गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त हैं, बल्कि उन्हें रोकने की कोशिश करने वालों को धमकाने से भी नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामला गंगाशहर थाना क्षेत्र का है, जहां बदमाशों ने एक महिला अधिवक्ता को धमकाया और घर के बाहर गाली-गलौज की। गोपेश्वर बस्ती निवासी अधिवक्ता तारा गहलोत ने बताया कि 22 जुलाई की दोपहर जब वह अदालत से लौटकर घर आईं, तो छत से शोरगुल की आवाज आई। छत पर पहुंचने पर देखा कि कुछ युवक-युवतियां वहां मौजूद थे और संदिग्ध सामान छिपाने की कोशिश कर रहे थे। पूछताछ करने पर वे जवाब दिए बिना भाग निकले। इसी दौरान दो युवक नीचे आकर फ्रीज के ऊपर एक लैपटॉप, चार मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान रख कर भाग गए। बाद में जानकारी मिली कि उस दौरान पुलिस भी इलाके में आई थी। मोहल्ले के लोगों ने इस पर शक जाहिर किया कि यह सामान सट्टेबाजी से जुड़ा हो सकता है। सूचना मिलने पर गंगाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सामान जब्त कर लिया। घटना के कुछ ही समय बाद आरोपियों ने अधिवक्ता के घर के बाहर आकर उन्हें गाली-गलौज की और पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी। जब तारा गहलोत अपनी सास के साथ थाने में शिकायत दर्ज कराने गईं, तो पीछे से दो युवक उनके घर पहुंचे और फिर से धमकाया। इस घटना को लेकर बार एसोसिएशन बीकानेर सक्रिय हुई। एसोसिएशन के सचिव विजयपाल और मीडिया प्रभारी अनिल सोनी के नेतृत्व में अधिवक्ता पुलिस अधीक्षक से मिले और ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।