बीकानेर, 23 नवम्बर। दहेज प्रथा और विवाह समारोहों में बढ़ते आडंबर के बीच बीकानेर के सारस्वा एवं तेजरासर के तावणियाँ परिवार ने सादगी और सामाजिक जागरूकता की ऐसी मिसाल पेश की है, जो दूसरे परिवारों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकती है। दोनों परिवारों ने दहेज की परंपरा को पूरी तरह दरकिनार करते हुए केवल एक रुपए और नारियल का शगुन स्वीकार कर विवाह संपन्न कराया। इस पहल ने स्पष्ट संदेश दिया कि रिश्तों की कीमत धन-दौलत से नहीं, बल्कि संस्कारों और आपसी सम्मान से तय होती है।
जस्सूसर गेट, बीकानेर निवासी श्री शिवरतन जी सारस्वा की पौत्रियों एवं श्री मुकेश सारस्वत की सुपुत्रियों रक्षा और विशाखा का विवाह तेजरासर निवासी श्री सीताराम जी तावणियाँ के पौत्र एवं श्री आलोक कुमार जी तावणियाँ के सुपुत्र आदित्य और कार्तिक (धीरज) के साथ डागा चौक स्थित शिव-पार्वती भवन में पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
विवाह समारोह की सबसे खास बात यह रही कि वर पक्ष ने दहेज के रूप में किसी भी प्रकार की नकद राशि, सोने-चांदी के आभूषण अथवा महंगे उपहार स्वीकार नहीं किए। दोनों परिवारों की सहमति से मात्र एक रुपए और नारियल का शगुन लेकर विवाह की रस्में पूरी की गईं। दिखावे और फिजूलखर्ची के दौर में यह कदम सामाजिक सोच को नई दिशा देने वाला साबित हुआ।
इस अवसर पर वर पक्ष के वरिष्ठ श्री सीताराम जी तावणियाँ ने प्रेरक संदेश देते हुए कहा, “दुल्हन ही सबसे बड़ा दहेज है और संस्कार ही परिवार की सबसे बड़ी पूंजी है।” उनके इस विचार ने समारोह में उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं वधू पक्ष के दादाश्री श्री शिवरतन जी सारस्वत ने भी इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
आज जहां कई परिवार विवाह को प्रतिष्ठा प्रदर्शन और महंगे उपहारों से जोड़कर देखते हैं, वहीं सारस्वा एवं तावणियाँ परिवार ने यह साबित किया कि सादगी से भी विवाह समारोह को यादगार और गरिमामय बनाया जा सकता है। दहेजमुक्त विवाह की यह पहल उन परिवारों के लिए भी प्रेरणा है, जो सामाजिक दबाव और दिखावे के कारण अनावश्यक आर्थिक बोझ उठाते हैं।
समारोह में सारस्वत समाज के अनेक गणमान्यजन, समाजबंधु, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं परिवारजन उपस्थित रहे। सभी ने नवविवाहित जोड़ों को सुखी एवं मंगलमय दाम्पत्य जीवन का आशीर्वाद दिया और दोनों परिवारों के इस सराहनीय निर्णय की प्रशंसा की।
एक रुपया और नारियल का शगुन भले ही प्रतीकात्मक हो, लेकिन इसके पीछे छिपा सामाजिक संदेश बेहद बड़ा है। सारस्वा एवं तावणियाँ परिवार ने अपने इस निर्णय से यह संदेश दिया कि विवाह कोई आर्थिक लेन-देन नहीं, बल्कि दो परिवारों और दो जीवनसाथियों के बीच विश्वास, प्रेम एवं सम्मान का पवित्र बंधन है। निश्चित रूप से ऐसी पहलें ही दहेजमुक्त और संस्कारवान समाज की नींव मजबूत कर सकती हैं।
