
बीकानेर, 29 जुलाई। बीकानेर पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत बज्जू थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 क्विंटल 35 किलो 170 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज श्री ओमप्रकाश (आईपीएस) एवं जिला पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री बनवारीलाल मीणा (आरपीएस) और वृत्ताधिकारी कोलायत श्री संग्राम सिंह (आरपीएस) के सुपरविजन में अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम एवं तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान यह सफलता मिली।
थानाधिकारी बज्जू श्री चन्द्रजीत सिंह भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 28 जुलाई को बज्जू खालसा स्थित विश्नोई समाज के निवासी शिशपाल पुत्र भगवानाराम गोदारा (50 वर्ष) के मकान से सटे पशुओं के छप्पर में दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां से 1 क्विंटल 35 किलो 170 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मामले की आगे की जांच पुलिस थाना रणजीतपुरा के थानाधिकारी श्री जगदीश सिंह द्वारा की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी चन्द्रजीत सिंह भाटी, सहायक उप निरीक्षक ओमप्रकाश, सहायक उप निरीक्षक झंवरलाल, कांस्टेबल हनुमान राम, जितेन्द्र, किशनलाल, महिला कांस्टेबल मुकेश तथा चालक कांस्टेबल सम्पतलाल शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कार्रवाई में विशेष भूमिका निभाने वाले सहायक उप निरीक्षक झंवरलाल एवं कांस्टेबल हनुमान राम की सराहना की।