
बीकानेर, 29 जुलाई। बीकानेर पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत नाल थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 10.120 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज श्री ओमप्रकाश (आईपीएस) एवं जिला पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा (आईपीएस) के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री चक्रवर्ती सिंह राठौड़ (आरपीएस) तथा वृत्ताधिकारी गंगाशहर श्री हिमांशु शर्मा (आरपीएस) के निकटतम सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।
थानाधिकारी नाल श्री विकास बिश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजवीर पुत्र मांगीलाल (22 वर्ष), निवासी 3 डीओएल, थाना रावला, जिला श्रीगंगानगर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 10.120 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच गंगाशहर थाना के उप निरीक्षक श्री अशोक कुमार द्वारा की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद डोडा पोस्त कहां से लाया गया तथा इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी श्री विकास बिश्नोई के साथ सहायक उप निरीक्षक श्री सुभाषचंद, श्री मदनलाल, श्री मैनपाल तथा कांस्टेबल श्री सुरेश कुमार सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।
बीकानेर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के विरुद्ध ऑपरेशन नीलकंठ के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।