
बीकानेर, 29 जुलाई। पुलिस मुख्यालय जयपुर द्वारा गंभीर अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोलायत थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए टैक्सी चालक से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज बीकानेर श्री ओमप्रकाश आईपीएस, जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर श्री मृदुल कच्छावा आईपीएस एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री बनवारीलाल मीणा आरपीएस के निर्देशन में तथा वृत्ताधिकारी कोलायत श्री संग्राम सिंह के निकट सुपरविजन में थानाधिकारी जसवीर कुमार पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार 21 जुलाई 2026 की रात्रि को खाखसुर की रोही स्थित स्टेट हाईवे पर टैक्सी चालक से लूट की वारदात हुई थी। आरोपियों ने टैक्सी चालक को किराए के बहाने सुनसान स्थान पर बुलाया और बाद में उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर मारपीट की तथा टैक्सी लूटकर फरार हो गए।
घटना के संबंध में परिवादी गणेश निवासी कोलायत ने पुलिस थाना कोलायत में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। मामले में पुलिस ने प्रकरण संख्या 97/2026 धारा 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान के लिए घटना स्थल के आसपास के मोबाइल टावरों की सेल आईडी डंप डाटा, करीब 100 सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान वारदात में शामिल मुख्य आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी से पुलिस द्वारा गहन पूछताछ की जा रही है तथा लूटे गए माल की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस टीम:
1. श्री जसवीर कुमार, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी कोलायत
2. श्री लखपत सिंह, सहायक उप निरीक्षक
3. श्री दीपक, सहायक उप निरीक्षक साइबर सेल
4. श्री ओमप्रकाश, सहायक उप निरीक्षक
5. श्री अन्नाराम, हैड कांस्टेबल 40
6. श्री कैलाश, कांस्टेबल 592
7. श्री रोहिताश, कांस्टेबल 757
8. श्री अनिल, कांस्टेबल 1209
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और गंभीर वारदातों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।