
बीकानेर, 1 अगस्त। राजस्थान वित्त निगम (आरएफसी) द्वारा उद्यमियों को विभिन्न ऋण योजनाओं एवं उद्योग प्रोत्साहन कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 21 अगस्त को मेगा बिजनेस प्रमोशन कैंप का आयोजन किया जाएगा।
राजस्थान वित्त निगम के शाखा प्रबन्धक रिछपाल पावड़िया ने बताया कि शिविर का आयोजन प्रातः 10 बजे जिला उद्योग संघ, रानी बाजार, इंडस्ट्रियल एरिया के सभागार में राजस्थान वित्त निगम के कार्यकारी निदेशक की अध्यक्षता में आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि कैंप में राजस्थान वित्त निगम की विभिन्न ऋण योजनाओं, उद्योग प्रोत्साहन कार्यक्रमों तथा उद्यमियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही उपस्थित उद्यमियों की समस्याओं एवं सुझावों पर चर्चा कर मौके पर ही पात्र ऋण प्रकरणों के त्वरित निस्तारण का भी प्रयास किया जाएगा। उन्होंने जिले के उद्यमियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में भाग लेने का आग्रह किया है, ताकि वे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।