
बीकानेर, 2 अगस्त। बीकानेर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पुलिस थाना जामसर ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 5 ग्राम 450 मिलीग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है।
पुलिस महानिरीक्षक, बीकानेर रेंज ओमप्रकाश (आईपीएस) एवं जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा (आईपीएस) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल मीणा (आरपीएस) तथा वृत्ताधिकारी लूणकरणसर रणवीर सिंह (आरपीएस) के सुपरविजन में थाना प्रभारी रवि कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने मुखबिर एवं स्थानीय सूचना के आधार पर 1 अगस्त 2026 को पुरानी खंडहर जिप्सम फैक्ट्री, रोही जालानसर क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान विक्रम पुत्र कालुखां मिरासी (26 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 6, जामसर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 5 ग्राम 450 मिलीग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।
इस संबंध में पुलिस थाना जामसर में प्रकरण संख्या 119/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच पुलिस थाना बीछवाल के पूर्व थाना अधिकारी दिग्पाल सिंह पूनिया द्वारा की जा रही है। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में कांस्टेबल विजय कुमार (नं. 544) की विशेष भूमिका रही।
कार्रवाई में थाना प्रभारी रवि कुमार, रामकेश, धर्माराम, दिलावर, विजय कुमार एवं रामनिवास सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।