
बीकानेर, 2 अगस्त। गजनेर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे ₹5,000 के इनामी मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की बोलेरो कैंपर भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 27 मार्च 2026 को परिवादी श्याम सुंदर पुत्र पूनमचंद कुम्हार (35 वर्ष), निवासी सिंथल की रिपोर्ट पर पुलिस थाना गजनेर में मुकदमा संख्या 47/2026 दर्ज किया गया था। मामले की जांच उप निरीक्षक राकेश कुमार को सौंपी गई।
पुलिस महानिरीक्षक, बीकानेर रेंज ओमप्रकाश (आईपीएस), जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा (आईपीएस) तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनवारीलाल मीणा (आरपीएस) के निर्देशन एवं वृत्ताधिकारी संग्राम सिंह के सुपरविजन में थाना प्रभारी ओमप्रकाश के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी विश्लेषण और कॉल डिटेल के आधार पर जांच करते हुए पहले 19 अप्रैल 2026 को दो आरोपियों भीखाराम एवं नरेंद्र को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाया था।
जांच के दौरान फरार चल रहे ₹5,000 के इनामी मुख्य आरोपी कमल मंडा पुत्र गोपालराम विश्नोई (22 वर्ष), निवासी रासीसर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की बोलेरो कैंपर बरामद कर ली गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से मामले में गहन पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है तथा प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में थाना प्रभारी ओमप्रकाश, उप निरीक्षक राकेश कुमार, कांस्टेबल कालूराम एवं अमित कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।