
नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस का संगठनात्मक मंथन, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का संकल्प
पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने तथा आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर सोमवार को डूडी हाउस, नोखा में शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने एवं चुनाव में पूरी ताकत के साथ उतरने का संकल्प लिया।
कांग्रेस जिला महासचिव मुरली गोदारा ने बताया कि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आगामी नगर निकाय चुनाव को ध्यान में रखते हुए यह बैठक आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। प्रत्येक बूथ तक संगठन को सक्रिय कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी, ताकि कांग्रेस की नीतियों एवं जनहित के मुद्दों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।
बैठक को संबोधित करते हुए नोखा विधायक श्रीमती सुशीला रामेश्वर डूडी ने कहा कि नगर निकाय चुनाव कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। सभी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय एवं एकजुटता के साथ चुनावी रणनीति पर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता से संवाद स्थापित करें और नगर पालिका में कांग्रेस को मजबूत जनसमर्थन दिलाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करें।
देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में सरकार की लचर व्यवस्थाओं से आमजन परेशान हैं। पेयजल, सफाई, सड़क, प्रकाश व्यवस्था सहित स्थानीय जनसमस्याओं को प्रत्येक वार्ड तक पहुंचाकर कांग्रेस की जनहितकारी सोच एवं नीतियों से जनता को जोड़ने का कार्य करना होगा।
विधानसभा संगठन प्रभारी रामदेव पूनियां ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आमजन के बीच रहकर उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक के अंत में शहर कांग्रेस अध्यक्ष मोहनराम लिलड़ ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी मिलकर एकजुटता, अनुशासन एवं पूरी ऊर्जा के साथ आगामी नगर निकाय चुनाव लड़ेंगे और कांग्रेस को विजय दिलाने के लिए पूरी ताकत से कार्य करेंगे।
बैठक में निर्वर्तमान जिला प्रमुख मोडाराम मेघवाल, पूर्व चेयरमैन हनुमान पींचा, नोखा शहर मंडल अध्यक्ष गौरीशंकर नाई एवं राकेश जैन, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष बाकिर अली, पूर्व जिलाध्यक्ष सरपंच संघ दीपाराम चौधरी, कांग्रेस नेता हसन कायमखानी, बच्छराज पारख, हाजी गुलाम रसूल, ओम राजपुरोहित, रामचंद्र गहलोत, निसार पठान, नथाराम सिंवर, रामनारायण कड़वासरा, देहात अल्पसंख्यक सेवादल अध्यक्ष मनोज पंचारिया, एससी मोर्चा प्रदेश महासचिव तरुण पंडित, युवा नेता अभिषेक पंडित, रूपाराम डूडी, बजरंग भाम्भू, हंसगिरी, भतु नाई, नगर अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष नाजिर हुसैन, देहात अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष अब्दुल खान, ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष पवन नाई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।