
बीकानेर, 5 अगस्त। भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा वर्ष 2026 के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (PMRBP) हेतु पात्र बच्चों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।जिला कलक्टर कार्यालय ने इस संबंध में सभी संबंधित विभागों को पात्र बच्चों के नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
एडीएम सिटी श्रीमती रीना छींपा ने बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 अगस्त 2026 कर दी गई है। पूर्व में यह अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित थी।
निर्देशों के अनुसार शिक्षा, खेल, कला एवं संस्कृति, समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी उपलब्धि हासिल करने वाले पात्र बच्चों की पहचान कर उनके आवेदन समयबद्ध रूप से राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल https://awards.gov.in पर ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला खेल अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा बाल अधिकारिता विभाग सहित संबंधित विभागों से आपसी समन्वय स्थापित कर पात्र बच्चों के आवेदन निर्धारित अंतिम तिथि तक अनिवार्य रूप से अपलोड करवाने के निर्देश दिए हैं।सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि अधिक से अधिक पात्र बच्चों तक इस पुरस्कार योजना की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि कोई भी योग्य प्रतिभा आवेदन से वंचित न रहे।