
नोखागांव। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नोखागांव में लंबे समय से रिक्त चल रहे शिक्षकों के पदों को भरने तथा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बुधरों की ढाणी एवं राजकीय उच्च प्राथमिक संस्कृत विद्यालय नील की ढाणी से प्रतिनियुक्ति पर अन्यत्र लगाए गए शिक्षकों को वापस मूल विद्यालयों में लगाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सरपंच पुरखाराम मेघवाल के नेतृत्व में उपखंड अधिकारी एवं सीबीईओ नोखा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कांग्रेस जिला महासचिव मुरली गोदारा ने बताया कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नोखागांव में राजनीति विज्ञान, भूगोल, गणित, हिंदी, संस्कृत एवं सामाजिक विज्ञान सहित कई विषयों के शिक्षक पद रिक्त हैं। इसके अलावा वरिष्ठ अध्यापक, उप प्राचार्य एवं कनिष्ठ सहायक के पद भी रिक्त होने से विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित हो रही है तथा अभिभावकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
साथ ही राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बुधरों की ढाणी में लेवल-2 के अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान एवं शारीरिक शिक्षक प्रतिनियुक्ति पर अन्य विद्यालयों में लगाए जाने के कारण विद्यालय में शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। वहीं राजकीय उच्च प्राथमिक संस्कृत विद्यालय नील की ढाणी में कुल तीन शिक्षक पदस्थापित हैं, जिनमें से दो लेवल-2 शिक्षकों को प्रतिनियुक्ति पर अन्यत्र लगाए जाने से विद्यालय की पूरी व्यवस्था महज एक शिक्षक के भरोसे रह गई है।
गोदारा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होना गंभीर विषय है। नोखागांव विद्यालय में लंबे समय से रिक्त पदों को तत्काल भरा जाना चाहिए। साथ ही जिन विद्यालयों से शिक्षकों को प्रतिनियुक्ति पर अन्यत्र लगाया गया है, उन्हें वापस मूल विद्यालयों में लगाया जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारू रूप से हो सके।यदि शीघ्र शिक्षकों की नियुक्ति एवं प्रतिनियुक्तियां निरस्त कर शिक्षकों को मूल विद्यालयों में नहीं लगाया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए नोखागांव सहित दोनों विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को तत्काल दूर किया जाए और प्रतिनियुक्ति पर लगाए गए शिक्षकों को उनके मूल विद्यालयों में वापस पदस्थापित किया जाए।
इस अवसर पर ग्राम सेवा सहकारी समिति अध्यक्ष रिछपाल सिंह राठौड़, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नोखागांव प्रबंध समिति (SDMC) अध्यक्ष गणेश मेघवाल, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बुधरों की ढाणी विद्यालय प्रबंध समिति (SDMC) अध्यक्ष जगदीश सियाग, गोपाल गोदारा, रामकिशन गोदारा, प्रहलाद बैरड़,लक्ष्मीनारायण सियाग व कालूसिंह सहित में ग्रामीणजन मौजूद रहे।