
बीकानेर। बीकानेर जिला कांग्रेस कमेटी देहात के अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। इस दौरान खड़गे से बीकानेर जिले में कांग्रेस संगठन की स्थिति, पार्टी की आगामी रणनीति, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा जिले से जुड़े विभिन्न राजनीतिक और जनहित के मुद्दों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान सियाग ने बीकानेर जिले में कांग्रेस संगठन की गतिविधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार उठाए जा रहे जनहित के मुद्दों की जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे को दी।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता आमजन की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं और प्रदेश व केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज बुलंद कर रहे हैं।
इस दौरान पीबीएम अस्पताल की बदहाल व्यवस्था तथा भारत पाकिस्तान बॉर्डर पर धार्मिक स्थलों को तोड़े जाने के विरोध में कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा।
बिशनाराम सियाग ने खड़गे को इस प्रदर्शन की जानकारी देते हुए बताया कि आमजन की भावनाओं और शहर के महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों के संरक्षण को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मजबूती से अपनी आवाज उठाई थी। इस प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी शामिल हुए थे।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस प्रदर्शन और जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को जनता से जुड़े मुद्दों पर मजबूती से अपनी भूमिका निभानी चाहिए तथा आमजन की समस्याओं को लोकतांत्रिक तरीके से उठाते हुए उनके समाधान के लिए लगातार संघर्ष करना है।
मुलाकात के दौरान बीकानेर जिले की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर भी चर्चा हुई। सियाग ने जिले में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए पार्टी को तैयार करने को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रहा है और आने वाले समय में पार्टी को और मजबूत बनाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाए जाएंगे।
सियाग ने राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे को बीकानेर देहात क्षेत्र में कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियों तथा कार्यकर्ताओं की सक्रियता से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य आमजन से सीधे जुड़कर उनकी समस्याओं को समझना और उन्हें उचित मंच पर उठाना है।
इस मुलाकात को बीकानेर कांग्रेस संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ हुई इस चर्चा से स्थानीय संगठन को नई दिशा और कार्यकर्ताओं को आगे और मजबूती से जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करने का संदेश मिला है।