
बीकानेर, 12 अगस्त। बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास ने युवा खिलाड़ियों को तीरंदाजी के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सेवगों की बगेची नत्थूसर गेट को 6 लाख 15 हजार रुपए की लागत से रिकर्व धनुष सहित तीरंदाजी के आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि बीकानेर के अनेक तीरंदाजों ने तीरंदाजी में देश और दुनिया में बीकानेर का नाम रोशन किया है। नए खिलाड़ी भी आगे बढ़ सकें, इसके मद्देनजर यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि आगे भी खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि रिकर्व धनुष एवं अन्य तीरंदाजी उपकरण उपलब्ध होने से खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास का बेहतर अवसर मिलेगा। इससे क्षेत्र में तीरंदाजी को बढ़ावा मिलने के साथ ही नई खेल प्रतिभाओं को आगे आने का मंच मिलेगा।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाचार्य श्रीमती पूनम जैन, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्री महेन्द्र शर्मा, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्री कुलदीप यादव, श्री जेपी व्यास, श्री माणक कुमावत, एस.डी.एम.सी. सदस्य श्री भवानी शंकर जाजड़ा, श्री देवेन्द्र जाखड़, श्री शिव कुमार, श्री रामरतन डूडी, श्री कपिल शर्मा, श्री सत्य श्रीमाली, श्री राजूराम प्रजापत, श्रीमती दुर्गा आचार्य, श्रीमती ममता शर्मा आदि उपस्थित थे।