
बीकानेर। वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तजरासर थाना पुलिस ने हत्या के मामले में करीब 02 माह 10 दिन से फरार चल रहे आरोपी राजेश को गिरफ्तार किया है। आरोपी थाना स्तर पर टॉप-10 में चिन्हित वांछित अपराधियों में शामिल था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देकर तलाश की जा रही थी।
घटना का विवरण
दिनांक 06 जून 2026 को परिवादी राजेन्द्र प्रसाद निवासी तजरासर ने रिपोर्ट दी कि आरोपियों ने उसके पुत्र को धोखे से बुलाकर बांध दिया तथा लाठी, सरिया और बेल्ट से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में प्रकरण दर्ज कर थाना अधिकारी द्वारा अनुसंधान शुरू किया गया। उपचार के दौरान परिवादी के पुत्र की मृत्यु हो गई।
प्रकरण में पूर्व में 08 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है, जबकि आरोपी राजेश घटना के बाद से फरार चल रहा था।
पुलिस कार्रवाई
महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज बीकानेर श्री ओमप्रकाश आईपीएस, जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर श्री मृदुल कच्छावा आईपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री बनवारीलाल मीणा आरपीएस एवं वृत्ताधिकारी वृत्त नोखा श्री जगनेल सिंह आरपीएस के निकट सुपरविजन में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम का गठन किया गया।
थानाधिकारी श्री राकेश स्वामी के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी सहायता, आसूचना संकलन एवं विश्वसनीय मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने हत्या के मामले में फरार आरोपी राजेश पुत्र रामस्वरूप, जाति बिश्नोई, उम्र 22 वर्ष, निवासी काकड़ा, थाना तजरासर, जिला बीकानेर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से प्रकरण के संबंध में अनुसंधान जारी है।
पुलिस टीम
श्री राकेश स्वामी, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी, थाना तजरासर
श्री सुमित कानि. 1382, थाना तजरासर
श्री ओमप्रकाश कानि. 1044, थाना तजरासर
श्री शिवप्रकाश कानि. 720, थाना तजरासर
श्री बलवान कानि. 939, थाना तजरासर
श्री विष्णु कानि. 375, थाना तजरासर