
बीकानेर। श्रावण मास के तीसरे सोमवार के पावन अवसर पर काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर में कनूमंडल की ओर से विश्व कल्याण की कामना को लेकर 31 किलो घी से भगवान शिव का विशेष अभिषेक किया गया। यह धार्मिक अनुष्ठान श्री कन्हैया लाल रंगा के नेतृत्व में विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ पंडित काशीनाथ ओझा द्वारा संपन्न करवाया गया।
श्रावण सोमवार के अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आस्था एवं भक्ति का विशेष वातावरण देखने को मिला। भगवान शिव के अभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाए और परिवार एवं समाज के सुख-शांति तथा विश्व कल्याण की प्रार्थना की।
कनूमंडल के सदस्यों ने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान शिव का घी से अभिषेक करने से शारीरिक कष्ट दूर होते हैं, स्वास्थ्य लाभ मिलता है तथा परिवार में सुख-समृद्धि एवं शांति बनी रहती है। इसी भावना के साथ विश्व कल्याण और सभी के स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना करते हुए यह अभिषेक किया गया।
अभिषेक के दौरान भगवान शिव का विधिवत पूजन कर विशेष शृंगार किया गया। मंत्रोच्चार के बीच हुए अभिषेक से मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस धार्मिक आयोजन में श्री अशोक पुरोहित, के.के. छंगाणी, सागर सा, इंदु जोशी, किशन स्वामी, परख रंगा और श्रीनाथ पुरोहित सहित अनेक श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।
अभिषेक एवं पूजा-अर्चना के पश्चात सभी श्रद्धालुओं ने मंदिर के पुजारी मुन्ना महाराज विजय से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर भगवान भोलेनाथ से विश्व में शांति, जनकल्याण, परिवारों में सुख-समृद्धि एवं सभी के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई।