
उदयपुर , 15 सितंबर। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में प्रदेशभर में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध विशेष निरोधात्मक अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमों द्वारा लगातार नाकाबंदी, गश्त एवं दबिश की कार्रवाई की जा रही है।
इसी अभियान के तहत बीकानेर जिले में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतमाला रोड पर सेजड़ासर सरहद में एक ट्रक से पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब की 732 कार्टन की बड़ी खेप बरामद की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपए बताई गई है।
पशु आहार और लकड़ी के भूसे के नीचे छिपाई थी शराब
जिला आबकारी अधिकारी संजीव कुमार पटावरी ने बताया कि लूणकरणसर आबकारी थाना टीम को मुखबिर से विश्वसनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर भारतमाला रोड, सेजड़ासर सरहद पर नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान ट्रक संख्या RJ.02.GA.4815 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में पशु आहार एवं लकड़ी के भूसे के कट्टों के नीचे छिपाकर रखी गई पंजाब निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
टीम ने ट्रक से रॉयल चैलेंज ब्रांड के 227 कार्टन, पव्वों के 380 कार्टन तथा ऑल सीजन ब्रांड के 125 कार्टन, कुल 732 कार्टन जब्त किए। जब्त मदिरा की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपए आंकी गई है।
मौके से ट्रक चालक जयराम विश्नोई, निवासी जालौर को गिरफ्तार किया गया। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इन अधिकारियों और टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई अतिरिक्त आबकारी आयुक्त बीकानेर जोन मनीषा लेघा, उपायुक्त ईपीएफ पोमाराम रोहिण एवं जिला आबकारी अधिकारी बीकानेर संजीव कुमार पटावरी के सुपरविजन में की गई।
सहायक आबकारी अधिकारी प्रताप सिंह डूडी के नेतृत्व में लूणकरणसर आबकारी थाना टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। वहीं डीईओ पाली मनोज बिस्सा एवं सिपाही मनोज द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना भी कार्रवाई में महत्वपूर्ण रही।
प्रदेशभर में कार्रवाई, 19,220 लीटर वॉश नष्ट
आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में चल रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत 14 सितंबर 2026 को प्रदेशभर में विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 87 अभियोग दर्ज किए गए।
इस दौरान प्रदेश में:
340 लीटर देशी मदिरा जब्त की गई, जिसकी लागत 89,596 रुपए है।
72 लीटर भारत निर्मित विदेशी मदिरा जब्त की गई, जिसकी कीमत 72,340 रुपए है।
116 लीटर बीयर जब्त की गई, जिसकी कीमत 23,327 रुपए है।
498 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई।
19,220 लीटर वॉश नष्ट किया गया।
अभियान के तहत 23 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
कई जिलों में आबकारी विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई
सवाई माधोपुर में दबिश के दौरान एक हजार लीटर वॉश सहित चालू भट्टी नष्ट की गई। साथ ही अवैध हथकड़ मदिरा, देशी एवं अंग्रेजी शराब तथा बीयर जब्त कर अभियोग दर्ज किया गया।
श्रीगंगानगर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध हथकड़ एवं देशी शराब जब्त की गई। सूरतगढ़ में 100 लीटर तथा अनूपगढ़ में 500 लीटर वॉश नष्ट किया गया और दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
झालावाड़ में ईपीएफ टीम ने कार्रवाई करते हुए 2,200 लीटर वॉश नष्ट किया। जोधपुर में विभिन्न कार्रवाई में देशी-अंग्रेजी शराब, बीयर एवं हथकड़ मदिरा जब्त की गई।
सिरोही के आबूरोड़ एवं रेवदर क्षेत्र में अवैध हथकड़ शराब एवं देशी मदिरा जब्त की गई। बांसवाड़ा में 142 बोतल अवैध महुआ शराब बरामद करते हुए 3,100 लीटर उतेजित वॉश एवं दो भट्टियां नष्ट की गईं।
बूंदी में राणा स्ट्रांग देशी मदिरा एवं रॉयल ट्राइब व्हिस्की के पव्वे जब्त कर अभियोग दर्ज किया गया।
अवैध शराब के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
प्रदेश के सभी जिलों में विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, दबिश एवं सघन गश्त लगातार जारी है। अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन, आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक एवं आबकारी निरोधक दलों द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है।
आबकारी विभाग का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।