
बीकानेर, 18 सितंबर। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना नयाशहर ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तीन साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी पुणाराम उर्फ पुनम को गिरफ्तार किया है। आरोपी से प्रकरण में गहन अनुसंधान एवं पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार 24 अप्रैल 2023 को मुखबिर की सूचना पर नयाशहर थाना पुलिस ने रामपुरा बस्ती, सड़क आम गली नंबर 17 से अवैध डोडा-पोस्त सप्लायर की गाड़ी होंडा सिटी नंबर RJ 02 CC 4081 को जब्त कर उसमें से 84 किलो 810 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया था। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
अनुसंधान के दौरान प्रकरण में वांछित आरोपी सुनील कुमार पुत्र प्रह्लादराम बिश्नोई निवासी खारा, थाना पांचू, बीकानेर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था। वहीं आरोपी सुनील पुत्र चौनाराम एवं पुनम उर्फ पुणाराम पुत्र गंगाराम के विरुद्ध धारा 173(8) सीआरपीसी में अनुसंधान लंबित रखा गया तथा दोनों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर इनाम घोषित करवाते हुए तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम द्वारा लगातार तलाश, मुखबिरों से आसूचना संकलन एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी पुणाराम उर्फ पुनम पुत्र गंगाराम, जाति बिश्नोई, उम्र 41 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 02, कुदसू, थाना पांचू, जिला बीकानेर को दस्तयाब कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी से प्रकरण के संबंध में अनुसंधान जारी है।
पुलिस टीम
1. श्री सुरजीत कुमार, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी नयाशहर
2. श्री अजय कुमार, सहायक उप निरीक्षक, थाना नयाशहर
3. श्रीमती कौशल्या, हेड कांस्टेबल नंबर 95
4. श्री प्रदीप कुमार, कांस्टेबल नंबर 1565
5. श्री भवानी सिंह, कांस्टेबल नंबर 2018
यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज श्री ओमप्रकाश आईपीएस एवं जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर श्री मृदुल कच्छावा आईपीएस के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री चक्रवर्ती सिंह राठौड़ आरपीएस के निर्देशन एवं वृत्ताधिकारी वृत्त नगर श्री अनुज डाल आरपीएस के निकटतम सुपरविजन में की गई।