
बीकानेर, 21 सितंबर। राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर के पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन विभाग की सहायक आचार्य डॉ. मुक्ता सिंह गोठवाल को अंतरराष्ट्रीय स्तर के शोध जर्नल ‘गेटवे इनसाइट्स : जर्नल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज’ में एसोसिएट एडिटर (सह संपादक) मनोनीत किया गया है।
यह उपलब्धि डॉ. गोठवाल के शैक्षणिक एवं शोध क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान को दर्शाती है। ‘गेटवे इनसाइट्स’ एक पीयर-रिव्यूड एवं ओपन-एक्सेस जर्नल है, जो मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान के अध्ययन और विकास को समर्पित है। जर्नल में विभिन्न विषयों से जुड़े शोध, व्यापक समीक्षाओं, सैद्धांतिक चर्चाओं एवं अनुभवजन्य अध्ययनों को मंच प्रदान किया जाता है।
जर्नल में विभिन्न समाजों में होने वाले सामाजिक परिवर्तन, सांस्कृतिक गतिशीलता, मानवीय अनुभवों तथा सामाजिक घटनाओं के बीच अंतर्संबंधों का अध्ययन करने वाले शोध को विशेष महत्व दिया जाता है। साथ ही ऐसे अकादमिक विमर्श को बढ़ावा दिया जाता है, जो सामाजिक परिवर्तन, नीति निर्माण और शैक्षिक प्रक्रियाओं को बेहतर समझने में योगदान दे सके।
डॉ. मुक्ता सिंह गोठवाल के एसोसिएट एडिटर मनोनीत होने पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र पुरोहित, पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन विभागाध्यक्ष डॉ. साधना भंडारी सहित विभाग के सभी संकाय सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने डॉ. गोठवाल को इस महत्वपूर्ण अकादमिक जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।