
बीकानेर, 21 सितंबर। पवनपुरी सेक्टर नंबर तीन स्थित श्रीराम मंदिर प्रांगण में जागरूक युवा मंडल के तत्वावधान में बाबा रामदेव जी का भव्य जागरण श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर राम मंदिर परिसर स्थित बाबा रामदेव जी के मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया तथा बाबा रामदेव जी की विशेष झांकी सजाई गई।
जागरण में भजन गायक राकेश ओझा, अशोक गौतम एवं अंकित ने एक से बढ़कर एक मधुर भजनों एवं भक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। भजनों के दौरान श्रद्धालु बाबा रामदेव जी के जयकारे लगाते हुए भक्ति में झूमते नजर आए। वहीं राजकुमार भाटिया ने बाबा रामदेव जी का भावपूर्ण चरित्र निभाकर कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
जागरण के दौरान बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बाबा रामदेव जी के जयकारों से पूरा श्रीराम मंदिर प्रांगण गूंज उठा। आयोजन में श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ बाबा रामदेव जी के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
जागरूक युवा मंडल द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बाबा रामदेव जी के जागरण का आयोजन किया गया। आयोजन को सफल बनाने में मंडल के कार्यकर्ता मनीष देवड़ा, विपिन कनौजिया, पवन, पंकज सिरोही, गणेश पंवार, दिनेश राठौड़, अभिषेक पुरोहित एवं विक्की माली सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
आयोजकों ने बताया कि सोमवार को भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी की व्यवस्था रहेगी। आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में भी उत्साह का माहौल रहा।