
खाजूवाला। अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के अवसर पर कालूवाला गोदारा इंडेन ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी की ओर से कार्यालय परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अहिंसा, भाईचारे, बेटियों की शिक्षा तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व एजेंसी के प्रोपराइटर जितेन्द्र सिंह गोदारा ने किया। उन्होंने कहा कि कालूवाला गोदारा इंडेन ग्रामीण वितरक का उद्देश्य केवल गैस वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि “अहिंसा परमो धर्मः” का संदेश आज के समय में और अधिक प्रासंगिक है। समाज में शांति एवं भाईचारा बनाए रखने के लिए हमें ईर्ष्या-द्वेष त्यागकर एक-दूसरे के सहयोग और सम्मान की भावना को मजबूत करना चाहिए।
बेटियों की शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान एजेंसी की ओर से दो महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश दिए गए। पहला, देश की बेटियों को शिक्षित कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में समाज को आगे आने का आह्वान किया गया। वहीं दूसरे संदेश के तहत क्षेत्र में अधिक से अधिक पौधे लगाने, आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा प्लास्टिक थैलियों के उपयोग को पूरी तरह बंद करने की अपील की गई।
पूर्व सरपंच ने भी रखे विचार
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि कालूवाला के पूर्व सरपंच राजेन्द्र बेनीवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने अहिंसा, सामाजिक सद्भाव और पर्यावरण संरक्षण को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से इन संदेशों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में कालूवाला गोदारा इंडेन ग्रामीण वितरक के समस्त स्टाफ ने अहिंसा, भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति संकल्प लिया। इस अवसर पर एजेंसी का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।