
बीकानेर। दिव्यांगजनों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने, उनकी क्षमताओं को पहचान दिलाने तथा समाज में उनके प्रति सम्मान और समानता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से सरस फाउंडेशन द्वारा बीकानेर में ‘सक्षम उत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 25 अक्टूबर 2026 को आयोजित होगा। कार्यक्रम की थीम “सहानुभूति नहीं, साथ और सम्मान की अभिलाषा” रखी गई है।
सरस फाउंडेशन की प्राचार्य एवं चेयरमैन पिंकी शर्मा ने बताया कि ‘सक्षम उत्सव’ का उद्देश्य दिव्यांगजनों में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाना और उन्हें अपनी कला एवं हुनर के प्रदर्शन के लिए उपयुक्त मंच उपलब्ध करवाना है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया जाएगा कि दिव्यांगजन केवल सहानुभूति के पात्र नहीं, बल्कि अपनी प्रतिभा, क्षमता और मेहनत के दम पर समाज में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने में सक्षम हैं।
उत्सव के दौरान दिव्यांगजनों के लिए नृत्य, गायन, मॉडलिंग, कविता, अभिव्यक्ति, खेलकूद, हस्तकला, चित्रकला, हस्तलेखन सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी रचनात्मकता और हुनर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
इसके साथ ही कार्यक्रम में शिक्षा, चिकित्सा, योग, सुरक्षा, करियर एवं रोजगार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। दिव्यांगजनों को शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों, स्वास्थ्य एवं योग, सुरक्षा तथा करियर निर्माण से जुड़ी उपयोगी जानकारी उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल पर हैंडीक्राफ्ट एवं रेडीमेड उत्पादों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन एवं बिक्री की जाएगी। इससे दिव्यांगजनों के हुनर और स्वरोजगार की संभावनाओं को भी प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।
सरस फाउंडेशन की ओर से ऐसे दिव्यांगजनों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपनी चुनौतियों पर विजय प्राप्त कर समाज में अपनी अलग पहचान बनाई और अपने कार्यों से अन्य लोगों के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की है।
15 अक्टूबर तक करा सकेंगे पंजीयन
‘सक्षम उत्सव’ में भाग लेने के इच्छुक दिव्यांगजन 15 अक्टूबर 2026 तक अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। फाउंडेशन की ओर से आमजन से भी अपील की गई है कि इस आयोजन की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि शहर एवं जिले के अधिक से अधिक दिव्यांग प्रतिभागी कार्यक्रम से जुड़ सकें।
अधिक जानकारी एवं पंजीयन के लिए संपर्क:
पिंकी शर्मा
प्राचार्य एवं चेयरमैन, सरस फाउंडेशन
मोबाइल: 9314142366