बीकानेर, 14 अक्टूबर। बीकानेर के लिए गर्व की बात है कि बीएसएफ गोल्फ कोर्स, बीकानेर के तीन गोल्फर ताइवान में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय रोटरी गोल्फ टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतियोगिता 18 से 24 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगी, जिसमें दुनिया भर के रोटरी क्लबों से 120 से अधिक गोल्फर हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता में बीकानेर की टीम का नेतृत्व डॉ. मित्तल कप्तान के रूप में करेंगे। टीम में जी.पी. सिंह, पूर्व प्राचार्य डूंगर कॉलेज, बीकानेर और सुभाष गहलोत, ऑडी मोटर्स भी शामिल हैं। तीनों गोल्फर PSRTA के सदस्य हैं।
तीनों खिलाड़ियों को सेवानिवृत्त आईजी श्री पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़ का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। उनके निर्देशन में खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी कर रहे हैं। इसमें कोर्स की रणनीति, खेल के दौरान संयम बनाए रखने और दबाव की परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में भागीदारी से बीकानेर के गोल्फ खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। PSRTA परिवार ने तीनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपने शानदार प्रदर्शन से बीकानेर और भारत का नाम रोशन करेंगे।
