
बीकानेर, 2 अगस्त। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत गजनेर पुलिस एवं एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) बीकानेर ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में डोडा पोस्त चूरा, अफीम, बिक्री की नकदी तथा एक कार बरामद की है।
पुलिस महानिरीक्षक, बीकानेर रेंज ओमप्रकाश (आईपीएस) एवं जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल मीणा तथा वृत्ताधिकारी संग्राम सिंह के सुपरविजन में एएनटीएफ बीकानेर की सूचना पर थाना प्रभारी ओमप्रकाश सुथार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 1 अगस्त 2026 को गश्त के दौरान कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान नखत सिंह पुत्र गणपत सिंह राजपूत (38 वर्ष), निवासी गडियाला, थाना कोलायत, जिला बीकानेर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 7.150 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा, 37 ग्राम अफीम, मादक पदार्थों की बिक्री से अर्जित 18,200 रुपये नकद तथा एक ब्रेज़ा कार बरामद की गई।
आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच थानाधिकारी हदां हंसराज लूणा द्वारा की जा रही है। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त एवं तस्करी नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी ओमप्रकाश सुथार, उप निरीक्षक राकेश कुमार, कांस्टेबल कालूराम, जोगाराम, संदीप कुमार, चालक कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह तथा एएनटीएफ बीकानेर की विशेष भूमिका रही।