
बीकानेर, 1 अगस्त। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान एवं ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पांचू थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तीन मामलों में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया। नाकाबंदी के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की गई।
पुलिस महानिरीक्षक, बीकानेर रेंज श्री ओमप्रकाश आईपीएस, जिला पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा आईपीएस तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री बनवारीलाल मीणा के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक नोखा श्री जरनैल सिंह के सुपरविजन में थाना प्रभारी निरीक्षक श्री ईश्वर प्रसाद के नेतृत्व में भारतमाला टोल नाका, पांचू पर विशेष नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान आरजे-50 सीए-2652 नंबर की काली फिल्म लगी कार को रोककर जांच की गई। पूछताछ में कार में सवार बाबूलाल (30) पुत्र सोनाराम जाट बेनीवाल, निवासी भेलू, थाना हदां, जिला बीकानेर, एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों में थाना हदां तथा एक वाणिज्यिक मात्रा से जुड़े मामले में थाना राजियासर, जिला श्रीगंगानगर से वांछित पाया गया।
कार में सवार अन्य तीन व्यक्तियों आईदान, चैनाराम एवं लक्ष्मण चौधरी को भी पूछताछ के बाद बीएनएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कार को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत जब्त कर लिया।
नाकाबंदी के दौरान एक अन्य वाहन पर अवैध गेटर, दो वाहनों पर काली फिल्म तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत दो वाहन जब्त किए तथा कुल 10 चालान बनाए।
पुलिस टीम
निरीक्षक ईश्वर प्रसाद, थाना प्रभारी, पांचू
सहायक उपनिरीक्षक रामनिवास ज्याणी
सहायक उपनिरीक्षक संतोषनाथ
कांस्टेबल लीलाराम (1341)
कांस्टेबल रामेश्वरलाल (729)
पुलिस ने बताया कि विशेष अभियान के तहत अपराधियों एवं वांछित आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।