
बीकानेर, 25 सितम्बर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू) के नवनियुक्त कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई के पदभार ग्रहण करने पर इतिहास विभाग की ओर से उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. मेघना शर्मा के नेतृत्व में विभागीय शिक्षकों ने कुलगुरु को पुष्पगुच्छ एवं पुस्तकें भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
लोकभवन से आदेश जारी होने के बाद शुक्रवार को प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के कुलगुरु पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. मेघना शर्मा ने उनसे शिष्टाचार भेंट कर विभाग की विभिन्न शैक्षणिक एवं अकादमिक गतिविधियों से अवगत कराया।
डॉ. मेघना शर्मा ने कुलगुरु प्रो. बिश्नोई से विश्वविद्यालय में लंबित शिक्षकों की सीएएस (Career Advancement Scheme) प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करवाने का आग्रह किया। उन्होंने विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों एवं शिक्षकों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की।
इस अवसर पर इतिहास विभाग के अतिथि शिक्षक डॉ. मुकेश हर्ष ने कुलगुरु प्रो. बिश्नोई को उनकी स्वलिखित पुस्तकों का सेट भेंट किया। कार्यक्रम में डॉ. गोपाल व्यास, डॉ. संजना चौधरी, रिंकू जोशी, सुशीला बिश्नोई, भगवानदास सुथार, राम कुमार व्यास सहित अन्य अतिथि शिक्षक उपस्थित रहे।
अंत में विभाग की ओर से नवनियुक्त कुलगुरु को उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी गईं तथा विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विकास और शिक्षकों से जुड़े लंबित विषयों के सकारात्मक समाधान की अपेक्षा व्यक्त की गई।