बीकानेर। धर्म और अध्यात्म की नगरी बीकानेर में इस बार वर्ष के अंत में भक्ति, ज्ञान और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। सेवन स्टार फाउंडेशन एवं सनातन मित्रमंडल के तत्वावधान में ओझा सत्संग भवन-2 में 22 से 31 दिसंबर तक पंच पावन कथा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव की विशेषता यह रहेगी कि एक ही परिसर में पांच अलग-अलग धार्मिक कथाओं का वाचन होगा। वहीं वृंदावन की ब्रज मंडली द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली दिव्य रासलीला श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी।
आयोजन की जानकारी बाहेती भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में सीए महेंद्र चूरा ने दी। उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन दोपहर 12:15 से शाम 5:15 बजे तक विद्वान कथावाचकों द्वारा अलग-अलग धार्मिक प्रसंगों का वाचन किया जाएगा। कथा कार्यक्रमों की श्रृंखला इस प्रकार रहेगी—
– 22 एवं 23 दिसंबर: पं. श्रीगोपाल नारायण व्यास द्वारा श्रीमद् देवी भागवत कथा।
– 24 एवं 25 दिसंबर: पं. आशाराम व्यास द्वारा शिव महापुराण कथा।
– 26 एवं 27 दिसंबर: पं. संजय व्यास द्वारा श्रीराम कथा।
– 28 एवं 29 दिसंबर: पं. लक्ष्मीकांत व्यास (कोलकाता) द्वारा श्री बाबा रामदेव चरित कथा।
– 30 एवं 31 दिसंबर: पं. मुरली मनोहर व्यास द्वारा श्रीमद् भागवत कथा।
महोत्सव के दौरान 23 से 30 दिसंबर तक प्रतिदिन शाम 7 से रात 10 बजे तक वृंदावन की ब्रज मंडली द्वारा भव्य रासलीला का मंचन किया जाएगा। इसमें भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं को भक्ति रस से सराबोर करेंगी।
कलश यात्रा से होगा महोत्सव का शुभारंभ, गूंजेगा संगीतमय सुंदरकांड
आयोजकों के अनुसार 11 दिवसीय पंच पावन कथा महोत्सव का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ किया जाएगा। कलश यात्रा दम्माणी चौक स्थित बड़ा गोपाल मंदिर से रवाना होकर मूंदड़ा चौक, हर्षों का चौक, रत्ताणी व्यासों का चौक, सदाफते, बारह गुवाड़ और नत्थूसर गेट होते हुए ओझा सत्संग भवन पहुंचेगी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं संस्थाओं की ओर से यात्रा का स्वागत किया जाएगा।
कलश यात्रा के बाद शाम 6 बजे बीकानेर मानस परिवार द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ किया जाएगा। इसकी पूर्णाहुति पर पूनरासर हनुमान मंदिर परिवार की ओर से महाआरती की जाएगी।
संत-महात्माओं के सानिध्य में सजेगा आध्यात्मिक आयोजन
पंच पावन कथा महोत्सव में देश के विभिन्न धार्मिक स्थलों और मठों से जुड़े संत-महात्माओं का सानिध्य भी प्राप्त होगा। इनमें काशी करपात्री धाम के अधिष्ठाता सर्वेश्वरानंद महाराज, सागर आश्रम बीकानेर के अधिष्ठाता श्रीधरानंद सरस्वती महाराज, श्री नवलेश्वर मठ के अधिष्ठाता शिव सत्यनाथ महाराज, राष्ट्रीय संत सरजूदास महाराज, शिवबाड़ी मंदिर के अधिष्ठाता विमर्शानंद महाराज, गायत्री पीठ सागर के अधिष्ठाता रामेश्वरानंद महाराज, मुरली मनोहर धोरा के श्यामसुंदर महाराज तथा बाल संत छैल बिहारी महाराज शामिल होंगे।
आयोजन की कथा श्रृंखला की पूर्णाहुति 31 दिसंबर को होगी। इसी दिन श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन भी रखा गया है।
पत्रकार वार्ता में ये रहे मौजूद
पत्रकार वार्ता में पंडित राजेंद्र किराडू, कन्हैयालाल जोशी, जगतनारायण कल्ला, भंवर पुरोहित, दाऊलाल व्यास, बृजराज जोशी, बुलाकीदास व्यास, गोविन्दनारायण चूरा, श्यामसुंदर व्यास, महीधर नारायण पुरोहित, कमल डागा, कुनाल डागा, निर्मल कुमार दम्माणी, देवकिशन चांडक, गोरधन बिन्नाणी, पं. सुशील किराडू, पं. अशोक किराडू, राजेंद्र किराडू, राधेश्याम सोनी, विनोद सोनी, घनश्याम सोनी, नंदकिशोर चांडक, हरगोपाल पुरोहित, कमलनारायण पुरोहित, हरिनारायण चूरा, सुरेंद्र कुमार चूरा, कैलाश राठी, रामकुमार अग्रवाल, अशोक आचार्य, नरेश पुरोहित, अशोक बिस्सा, भंवर उपाध्याय, वीरेंद्र किराडू, गोविन्द व्यास, इन्द्र जोशी, महावीर सांखला, संतोष पुरोहित, राजेंद्र व्यास, श्रीकांत व्यास, राजकुमार व्यास और बालकिशन व्यास सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
