पंचायत चुनाव को लेकर बीकानेर रेंज में पुलिस का महा सुरक्षा प्लान, 4 जिलों में 3,990 अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात

बीकानेर, 13 नवंबर। पंचायतीराज चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए बीकानेर रेंज पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। 14 और 16 नवंबर को होने वाले मतदान को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। बीकानेर रेंज के चार जिलों बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान असामाजिक तत्वों, अवांछित गतिविधियों और मतदान में व्यवधान पैदा करने वाले लोगों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

 

महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश के निर्देशन में रेंज के सभी जिला पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधिकारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

 

750 ग्राम पंचायतों के 2526 बूथों पर सुरक्षा का पहरा

 

बीकानेर रेंज के चार जिलों में कुल 750 ग्राम पंचायतों के 2,526 मतदान बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इनमें 205 संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान बूथ चिह्नित किए गए हैं। इन बूथों पर पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात कर विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। इसके अलावा 253 पुलिस मोबाइल पार्टियां लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर निगरानी रखेंगी।

 

जिलावार सुरक्षा व्यवस्था इस प्रकार रहेगी—

 

– बीकानेर: 92 ग्राम पंचायतें, 426 मतदान बूथ, 27 संवेदनशील बूथ और 44 मोबाइल पार्टियां।

– श्रीगंगानगर: 307 ग्राम पंचायतें, 999 मतदान बूथ, 79 संवेदनशील बूथ और 102 मोबाइल पार्टियां।

– हनुमानगढ़: 120 ग्राम पंचायतें, 412 मतदान बूथ, 32 संवेदनशील बूथ और 40 मोबाइल पार्टियां।

– चूरू: 231 ग्राम पंचायतें, 689 मतदान बूथ, 67 संवेदनशील बूथ और 67 मोबाइल पार्टियां।

 

रेंज में 10 आरएसी कंपनियां और 3990 अतिरिक्त पुलिसकर्मी

 

चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए रेंज मुख्यालय एवं जिला मुख्यालयों पर आरएसी की कुल 10 कंपनियां उपलब्ध करवाई गई हैं। इनमें बीकानेर रेंज मुख्यालय में 2, बीकानेर में 1, श्रीगंगानगर में 4, हनुमानगढ़ में 1 तथा चूरू में 2 कंपनियां शामिल हैं।

 

इसके अतिरिक्त रेंज में जिलावार 3,990 पुलिसकर्मियों का अतिरिक्त बल उपलब्ध करवाया गया है। इसमें हनुमानगढ़ को 515, चूरू को 1,474 और श्रीगंगानगर को 2,001 पुलिसकर्मी उपलब्ध करवाए गए हैं।

 

रेंज के 4 जिलों में पुलिस का व्यापक जाब्ता

 

बीकानेर रेंज में उपलब्ध पुलिस बल के अनुसार चारों जिलों में पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस उप अधीक्षक, पुलिस निरीक्षक, उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक, हेड कांस्टेबल एवं कांस्टेबल सहित कुल 7,602 पुलिसकर्मियों का बल उपलब्ध है।

 

संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी, अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर

 

पुलिस प्रशासन की ओर से चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि, असामाजिक तत्वों और चुनाव में व्यवधान उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

 

महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया है कि चुनाव के दौरान पूर्ण सतर्कता और निष्पक्षता के साथ ड्यूटी करें तथा निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न करवाना सुनिश्चित करें।

 

पुलिस की आमजन से अपील

 

बीकानेर रेंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पंचायतीराज चुनाव के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना अथवा अफवाह पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे प्रसारित करें। किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

संरक्षित रेल संचालन में चूक की कोई गुंजाइश नहीं, हर रेलकर्मी की सामूहिक जिम्मेदारी: ADRM चौधरी

  बीकानेर। रेल संचालन में सुरक्षा सर्वोपरि है और संरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करना प…