बीकानेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल में रेलवे विकास कार्य के चलते रेल यातायात प्रभावित होने जा रहा है। चूरू-सादुलपुर रेलखंड पर रतनगढ़-मोलीसर स्टेशनों के मध्य आरसीसी बॉक्स डालने के कार्य के लिए रेलवे द्वारा ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते दिसंबर माह में अलग-अलग तारीखों पर संचालित होने वाली कुल 6 रेलसेवाएं प्रभावित रहेंगी। इनमें 2 ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द, 2 के मार्ग परिवर्तित, एक रीशेड्यूल तथा एक ट्रेन रेगुलेट रहेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार ब्लॉक के कारण यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाते समय रेलसेवाओं के बदले हुए संचालन की जानकारी रखना जरूरी होगा।
दो ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द
1. गाड़ी संख्या 14897 बीकानेर-हिसार रेलसेवा 1 दिसंबर 2026 को बीकानेर से रवाना होकर रतनगढ़ तक ही संचालित होगी। रतनगढ़ से हिसार के बीच यह ट्रेन आंशिक रूप से रद्द रहेगी।
2. गाड़ी संख्या 14898 हिसार-बीकानेर रेलसेवा 2 दिसंबर 2026 को हिसार के बजाय रतनगढ़ से संचालित होगी। हिसार से रतनगढ़ के बीच इसका संचालन रद्द रहेगा।
दो ट्रेनों के बदले जाएंगे मार्ग
1. गाड़ी संख्या 22482 दिल्ली सराय-जोधपुर एक्सप्रेस 1 दिसंबर को परिवर्तित मार्ग रेवाड़ी-रींगस-फुलेरा-डेगाना होकर संचालित होगी।
2. गाड़ी संख्या 14718 हरिद्वार-बीकानेर एक्सप्रेस 1 दिसंबर को परिवर्तित मार्ग अंबाला-बठिंडा-बीकानेर होकर संचालित होगी।
एक ट्रेन डेढ़ घंटे देरी से होगी रवाना
गाड़ी संख्या 12457 दिल्ली सराय-बीकानेर एक्सप्रेस 1 दिसंबर 2026 को अपने निर्धारित समय से 1 घंटा 30 मिनट देरी से रवाना होगी। यह ट्रेन दिल्ली सराय से रात 1:05 बजे प्रस्थान करेगी।
एक ट्रेन रतनगढ़ में 15 मिनट रहेगी रेगुलेट
गाड़ी संख्या 14823 जोधपुर-रेवाड़ी एक्सप्रेस 2 दिसंबर 2026 को जोधपुर से रवाना होने के बाद रतनगढ़ स्टेशन पर 15 मिनट रेगुलेट रहेगी।
रेलवे द्वारा रतनगढ़-मोलीसर के बीच आरसीसी बॉक्स डालने का कार्य रेल संरक्षा एवं आधारभूत ढांचे से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन के संचालन, रूट और समय में हुए बदलाव की जानकारी रेलवे से अवश्य प्राप्त कर लें।
