बीकानेर। आधुनिक भारत के निर्माता एवं भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर में राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया गया। विश्वविद्यालय परिसर स्थित राष्ट्रीय एकता उद्यान में सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता की शपथ दिलाई। विश्वविद्यालय परिवार ने राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. उमेश शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई एवं कुलसचिव यशपाल आहूजा ने हरी झंडी दिखाकर ‘रन फॉर यूनिटी’ को रवाना करके किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने दौड़ के माध्यम से एकता और भाईचारे का संदेश दिया।
राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के प्रभारी डॉ. प्रभुदान चारण एवं डॉ. प्रगति सोबती के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने विश्वविद्यालय परिसर में श्रमदान भी किया। विद्यार्थियों ने स्वच्छता एवं सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के संकाय सदस्य प्रो. अनिल कुमार छंगाणी, डॉ. गौतम कुमार मेघवंशी, डॉ. धर्मेश हरवानी, डॉ. मानकेशव सैनी, विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्रीकृष्ण जाट एवं महासचिव सुभाष सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
