बीकानेर। राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर में मिशन मधुहारी (टाइप-1 डायबिटीज) योजना के अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को टाइप-1 डायबिटीज के लक्षणों, बचाव, शीघ्र पहचान और समय पर उपचार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेन्द्र कुमार पुरोहित ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
मिशन मधुहारी की प्रभारी अधिकारी सुश्री रजनी कंवर ने योजना के उद्देश्यों एवं कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए टाइप-1 डायबिटीज की समय रहते पहचान और उचित निदान की आवश्यकता समझाई। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने तथा नियमित जांच करवाने के लिए प्रेरित किया।
शिविर के दौरान फोर्ट डिस्पेंसरी, बीकानेर के नर्सिंगकर्मियों द्वारा कुल 115 विद्यार्थियों की ब्लड शुगर जांच की गई। विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और समय-समय पर आवश्यक जांच करवाने की सलाह भी दी गई।
इस अवसर पर प्रोफेसर प्रताप सिंह कटारिया, प्रोफेसर मनीषा अग्रवाल, डॉ. आनंद खत्री, डॉ. घनश्याम बिट्ठू, डॉ. रविकांत व्यास, सुश्री सीमा सारस्वत, सुश्री शिवानी पारिक एवं सुश्री पूनम बोला उपस्थित रहे।
