शुक्रवार (30.10.26) को बीकानेर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेन्द्र सिंह चौधरी ने रतनगढ़ एवं चूरू रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, परिचालन व्यवस्थाओं तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्विकास कार्यों का जायजा लिया।
*रतनगढ़ स्टेशन पर ‘रेल जन संवाद’ के माध्यम से यात्रियों से किया सीधा संवाद*
अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेन्द्र सिंह चौधरी ने रतनगढ़ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के साथ ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम के अंतर्गत सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से उनके अनुभव सुझाव एवं समस्याओं को सुना।
उन्होंने यात्रियों को आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं के समाधान के लिए नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यात्रियों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा सुविधाओं में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
अपर मंडल रेल प्रबंधक ने यात्रियों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए रेल मदद पोर्टल एवं हेल्पलाइन नंबर 139 का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने रेलवे परिसरों एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरे को निर्धारित कचरा पात्रों में डालने की अपील भी की।
इसके अतिरिक्त अपर मंडल रेल प्रबंधक ने रतनगढ़ स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने स्टेशन के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे विकास कार्यों एवं यात्री सुविधाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।
*चूरू स्टेशन पर संरक्षा संवाद एवं पुनर्विकास कार्यों का किया निरीक्षण*
अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेन्द्र सिंह चौधरी ने चूरू रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया।
चूरू स्टेशन पर आयोजित संरक्षा संवाद कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक ने रेलकर्मियों से सीधा संवाद किया तथा रेल संचालन के दौरान आने वाली समस्याओं एवं उनके सुझावों की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि संरक्षित रेल संचालन सभी रेलकर्मियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। रेल संचालन में संरक्षा नियमों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। किसी भी परिस्थिति में संरक्षा से समझौता नहीं किया जाना चाहिए और कार्य के दौरान किसी प्रकार का शॉर्टकट नहीं अपनाया जाना चाहिए।
उन्होंने रेलकर्मियों को सजगता, सतर्कता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।
उत्तर पश्चिम रेलवे का बीकानेर मंडल यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार, रेल संचालन में संरक्षा सुनिश्चित करने तथा यात्रियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा में स्टेशनों का नियमित निरीक्षण, रेलकर्मियों के साथ संरक्षा संवाद तथा यात्रियों से सीधा संवाद महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर अमन अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (संकेत एवं दूरसंचार) रणसिंह गोदारा, सहायक सुरक्षा आयुक्त कैलाश चन्द्र ढिल्लौर सहित रेलवे के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
