
बीकानेर, 5 अगस्त। जेएनवीसी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बोलेरो कैंपर चोरी की वारदात का महज 12 घंटे में खुलासा कर चोरी किया गया वाहन बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार 2 अगस्त 2026 को परिवादी आदेश ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 1 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे उसकी बोलेरो कैंपर (आरजे 07 जीई 7331) को चलाना हॉस्पिटल के पास से अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस महानिरीक्षक, बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस, जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा आईपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ आरपीएस के निर्देशन तथा सदर वृत्ताधिकारी शालिनी बजाज आरपीएस के सुपरविजन में थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने पूर्व में चालानशुदा अपराधियों से पूछताछ की, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों तथा अभय कमांड सेंटर की फुटेज का विश्लेषण किया। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राधेश्याम नायक (21 वर्ष) पुत्र गुमानाराम, निवासी बादनूं, थाना जसरासर, जिला बीकानेर को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई बोलेरो कैंपर बरामद कर ली गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल राजाराम तथा कांस्टेबल नरेश शामिल रहे।