
पाँचू थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित कक्कू पुलिस चौकी पर लंबे समय से पुलिस स्टाफ नहीं होने के कारण चौकी बंद पड़ी है। इसे पुनः सुचारू रूप से संचालित करने एवं आवश्यक पुलिस स्टाफ की नियुक्ति की मांग को लेकर शुक्रवार को पंचायत समिति सदस्य हिम्मताराम राहड़ के नेतृत्व में ग्रामीणों ने नोखा उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस जिला महासचिव मुरली गोदारा ने बताया कि पाँचू थाना क्षेत्र का भौगोलिक दायरा काफी विस्तृत होने के कारण आमजन की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कुछ वर्ष पूर्व कक्कू में पुलिस चौकी स्थापित की गई थी। लेकिन लंबे समय से पुलिस कर्मियों की नियुक्ति नहीं होने के कारण चौकी बंद पड़ी है, जिससे क्षेत्र के लोगों को सुरक्षा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि दो दिन पूर्व साधुना के पास बैंक की कैश वैन से लूट की घटना हुई, जो कक्कू पुलिस चौकी से मात्र लगभग नौ किलोमीटर की दूरी पर है। इसके अलावा क्षेत्र में समय-समय पर चोरी, लूट एवं अन्य आपराधिक घटनाएं भी होती रहती हैं। यदि पुलिस चौकी नियमित रूप से संचालित रहे तो ऐसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी।
ज्ञापन में बताया गया कि कक्कू पुलिस चौकी पर एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) एवं चार कांस्टेबलों के पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में स्टाफ के अभाव में चौकी बंद पड़ी है। ग्रामीणों ने मांग की कि स्वीकृत पदों पर शीघ्र नियुक्तियां कर चौकी को तत्काल प्रभाव से पुनः चालू किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षा का बेहतर वातावरण मिल सके।
इस दौरान पूर्व सरपंच ईश्वरराम मेघवाल, एडवोकेट लेखराम चौहान, लिच्छूराम सारण धर्माराम राहड़, बनवारी गोदारा, दुलाराम गोदारा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।