
खाजूवाला, 7 अगस्त। राजकीय महाविद्यालय खाजूवाला में छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को NSUI ने जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा के नेतृत्व में महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा बाद में उपखंड अधिकारी (SDM) को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर शीघ्र छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान NSUI कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और लंबे समय से चुनाव नहीं होने से विद्यार्थियों को अपने प्रतिनिधि चुनने का अधिकार नहीं मिल पा रहा है।
NSUI जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा ने कहा कि “छात्रसंघ छात्र राजनीति की पहली सीढ़ी और लोकतंत्र की पाठशाला है। सरकार चुनाव नहीं करवाकर युवाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित कर रही है। जब तक छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित नहीं की जाती, तब तक NSUI का आंदोलन सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा।”
प्रदर्शन में विजयपाल सारण, सबीर खान, आयुष्मान पंवार, अरबाज खान, मनोज खिलेरी, रवि जाखड़, रामजस कसवां, किशन सारण, सोनू जोशी, फारुक आलम, विशेष कुकणा, सुभाष सारण, विरेन्द्र बेनीवाल सहित बड़ी संख्या में NSUI कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।